
खेल डेस्क. भारत के 337 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहे पाकिस्तान के 6 विकेट गिर चुके हैं। इमाद वसीम क्रीज पर हैं।हार्दिक पांड्या ने लगातार दो गेंदों पर मो. हफीज (9 रन) और शोएब मलिक (0 रन) को आउट किया। इससे पहले कुलदीप यादव ने भी लगातार दो ओवरों में पाक ओपनर बाबर आजम (48 रन) और फख्र जमां (62 रन) के विकेट लिए। भारत की ओर से रोहित शर्मा ने 140 और विराट कोहली ने 77 रनों की पारी खेली।
भुवनेश्वर का ओवर पूरा करने आए शंकर ने दिलाई पहली सफलता
भारत को पहली सफलता विजय शंकर ने दिलाई। वे भुवनेश्वर कुमार का ओवर पूरा करने आए थे। उन्होंने 5वें ओवर की पांचवीं गेंद पर इमाम उल हक को एलबीडब्ल्यू कर दिया। ये शंकर की पहली गेंद थी। वर्ल्ड कप के डेब्यू मैच में पहली गेंद पर विकेट लेने वाले वे पहले भारतीय हैं। भुवनेश्वर एड़ी में चोट के कारण पाक के खिलाफ मैच से बाहर हो गए।
राहुल-रोहित ने शतकीय साझेदारी की
इससे पहले भारत केरोहित शर्मा और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। राहुल ने 57 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद आमिर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 विकेट लिए। चैम्पियंस ट्रफी 2017 के फाइनल में भारत के खिलाफ 6.3 ओवर में 19 रन पर तीन विकेट लेने वाले हसन अली इस मैच में फ्लॉप साबित हुए। उन्होंने 9 ओवर में 84 रन दिए। हसन को सिर्फ एक सफलता मिली।
राहुल ने वर्ल्ड कप में पहला अर्धशतक लगाया
भारत की ओपनिंग साझेदारी वहाब रियाज ने तोड़ी। उन्होंने वर्ल्ड कप में अपना पहला अर्धशतक लगाने वाले केएल राहुल (57 रन) को पवेलियन भेजा।रोहित-राहुल नेपहले विकेट के लिए 136 रन की साझेदारी की। हार्दिक पंड्या 26 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मोहम्मद आमिर ने बाबर आजम के हाथों कैच कराया। महेंद्र सिंह धोनी सिर्फ 1 रन बनाकर आमिर की गेंद पर आउट हो गए। केदार जाधव 9 और विजय शंकर 15 रन बनाकर नाबाद रहे।
आमिर की गेंद पर नॉटआउट थे विराट
आमिर इनिंग का 48वां ओवर फेंक रहे थे। चौथी गेंद पर विराट कोहली को उन्होंने शॉर्टपिच गेंद फेंकी, जो बल्ले के करीब से गुजरी। आमिर की अपील के बाद विराट खुद ही पवेलियन की तरफ चल दिए। हालांकि, बाद में स्निकोमीटर से पता चला कि गेंद और बल्ले का संपर्क नहीं हुआ था। ड्रेसिंग रूम में विराट अपनी इस गलती पर झल्लाहट दिखाते नजर आए।
भारत की इनिंग के दौरान बारिश ने खेल आधे घंटेरोका
भारतीय पारी के 47वें ओवर में बारिश शुरू हो गई थी। इसके कारण खेल को रोक दिया गया था। 30 मिनट बाद खेल फिर से शुरू हो सका। इसके बाद भारतीय पारी के खत्म होने के बाद बारिश के कारण कवर्स मैदान पर लाए गए। हालांकि, इस बार मौसम जल्द ही साफ हो गया।
रोहित का पाक के खिलाफ लगातार दूसरा शतक
रोहित ने लगातार पांचवें मैच में 50+ स्कोर बनाया। इस वर्ल्ड कप में उनका यह दूसरा अर्धशतक है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक भी लगाया था। वे पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय हैं। उनसे पहले पिछले वर्ल्ड कप में विराट कोहली ने 107 रन बनाए थे। रोहित पाकिस्तान के खिलाफ लगातार दो शतक लगाने वाले पहले भारतीय बन गए। उन्होंने पिछले साल दुबई में 111 रन की पारी खेली थी।
रोहित की पिछली पांच पारियां
रन | किसके खिलाफ | मैदान |
95 | ऑस्ट्रेलिया | मोहाली |
56 | ऑस्ट्रेलिया | दिल्ली |
122* | दक्षिण अफ्रीका | साउथैम्पटन |
57 | ऑस्ट्रेलिया | ओवल |
140 | पाकिस्तान | मैनचेस्टर |
आमिर दो बार पिच पर विकेट के सामने आए
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने पहला ओवर मेडन किया। अंपायर ने आमिर के फॉलोथ्रू को लेकर दो बार वॉर्निंग दी। गेंद फेंकने के बाद वे विकेट के डेंजर एरिया में जा रहे थे। बहाव रियाज को भी विकेट के सामने दौड़ने के लिए दो वार्निंग मिली।