भारत-अमेरिका की दोस्ती देख फिर पाकिस्तान को लगी मिर्ची, इमरान बोले- कभी भी धधक सकता है कश्मीर
भारत और अमेरिकी की बढ़ती नजदीकियां पाकिस्तान को कभी रास नहीं आई हैं। हाल ही में अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो के भारत दौरे से तिलमिलाए पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक तरह से अमेरिका को चेताया है ।
और कहा कि जम्मू और कश्मीर एक हॉटस्पॉट बन चुका है और यह कभी भी धधक (भड़क) सकता है। इसलिए अमेरिका को कश्मीर मसले पर निष्पक्ष व्यवहार करना चाहिए। पाकिस्तान के जियो टीवी ने इस बात की जानकारी दी है।
दरअसल, अमेरिकी विदेश मंत्री पोम्पियो रक्षा मंत्री मार्क टी. एस्पर संग सोमवार को भारत के साथ 2+2 के तीसरे दौर की वार्ता के लिए भारत आए थे, जिस दौरान कई अहम समझौतों पर दस्तखत भी हुए।
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में भारत द्वारा उठाए गए कदमों पर चिंता व्यक्त करते हुए पाकिस्तान प्रधानमंत्री इमरान खान ने चेतावनी दी है कि यह क्षेत्र एक हॉटस्पॉट है जो किसी भी समय धधक सकता है।
पाकिस्तान संयुक्त राज्य अमेरिका से ‘समान’ व्यवहार का आग्रह करता है। ऐसा माना जा रहा है कि इमरान खान का यह बयान कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने और राज्य को केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने के संदर्भ में है।
जर्मन मैग्जीन के साथ बातचीत में इमरान खान ने कहा कि अमेरिका को यह लगता है कि भारत इस क्षेत्र में चीन के प्रभाव को सीमित कर सकता है, मगर यह कोरी कल्पना है। इमरान ने कहा कि इस्लामाबाद अमेरिका से भारत के संबंध में विशेष रूप से कश्मीर मसले पर समान ट्रीटमेंट की अपेक्षा करता है।

