Sportsखेल

भारतीय गेंदबाजों का कहर, अफ्रीका से मिला 208 रनों का लक्ष्य

केपटाउन।  मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थिति का पूरा फायदा उठाते हुए भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के चौथे दिन आज यहां जीत की राह पर ला दिया। शमी और बुमराह ने चौथे दिन पहले सत्र में तीन-तीन विकेट लिए। इस सत्र में दक्षिण अफ्रीका ने केवल 65 रन के अंदर आठ विकेट गंवाए और उसकी पूरी टीम दूसरी पारी में 130 रन पर ढेर हो गयी।   दक्षिण अफ्रीका को इस तरह से 207 रन की बढ़त मिली और अब भारत को दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में अपनी तीसरी जीत के लिए 208 रन की दरकार है।

दूसरे ओवर से ही विकेटों का पतन शुरू
तीसरे दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ जाने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने सुबह दो विकेट पर 65 रन से आगे खेलना शुरू किया और दूसरे ओवर से ही विकेटों का पतन शुरू हो गया। शमी ने हाशिम अमला (चार) को गली में खड़े रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया जिन्होंने नीचा कैच लिया। इसका फैसला करने के लिये तीसरे अंपायर की मदद ली गई। रीप्ले से बहुत स्पष्ट नहीं हो रहा था और आखिर में मैदानी अंपायर ने उन्हें आउट दे दिया। इसके चार ओवर बाद शमी ने नाइटवाचमैन कैगिसो रबादा (पांच) को दूसरी स्लिप में कैच कराया। कप्तान फाफ डु प्लेसिस (शून्य) भी नहीं टिक पाये। बुमराह ने उन्हें विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा के हाथों कैच कराकर स्कोर पांच विकेट पर 82 रन कर दिये। साहा ने इस मैच में दस कैच लिए जो भारतीय रिकार्ड है।
साहा ने भुवनेश्वर की गेंद पर लपका मोर्कल का कैच
बुमराह ने इसके बाद क्विटंन डिकाक (आठ) को भी पवेलियन भेजकर स्कोर छह विकेट पर 92 रन कर दिया। एबी डिविलियर्स (35) ने एक छोर संभाले रखा और इस बीच दो चौके और दो छक्के लगाए। उन्हें हालांकि दूसरे छोर से कोई मदद नहीं मिली। शमी ने वर्नोन फिलैंडर (शून्य) को पगबाधा आउट करके अपने सुबह छह ओवर में 11 रन देकर तीन विकेट हासिल कर दिए। दक्षिण अफ्रीका ने 35वें ओवर में 100 रन की संख्या पार की। केशव महाराज (15) ने कुछ शाट लगाये। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार (33 रन देकर दो विकेट) गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने महाराज को विकेट के पीछे कैच कराया। साहा ने मैच का अपना दसवां कैच भुवनेश्वर की गेंद पर मोर्ने मोर्कल (दो) का लिया।

तोड़ा धोनी का रिकाॅर्ड
साहा ने एक मैच में सर्वाधिक शिकार का महेंद्र सिंह धोनी का भारतीय रिकार्ड तोड़ा जिन्होंने अपने आखिरी टेस्ट मैच में मेलबर्न में 2014 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ नौ शिकार किये थे जिसमें आठ कैच और एक स्टंप शामिल है। बुमराह ने आखिर में डिविलियर्स को सीमा रेखा पर कैच कराया जो तेजी से रन बनाने के प्रयास में लंबा शाट खेलना चाह रहे थे। डेल स्टेन टखने की चोट के बावजूद बल्लेबाजी के लिये उतरे और आखिर में नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 286 रन बनाये थे जिसके जवाब में भारतीय टीम 209 रन पर आउट हो गयी थी। दक्षिण अफ्रीका ने इस तरह से 77 रन की बढ़त ली थी।

Leave a Reply

Back to top button