भारतीय कर्मचारियों से अभद्रता कर बुरा फंसा अंग्रेज मैनेजर, जानिये क्या है पूरा मामला
कटनी। अंग्रेजों को भारत से भगाये 70 साल से अधिक का समय बीत चुका है। मगर शायद उनकी भारतीयों के प्रति गुलामी वाली मानसिकता बरकरार है तभी तो यहां एक निजी कंपनी में एक अंग्रेज मैनेजर बन कर क्या आया यहां भारतीय कर्मचारियों से आये दिन अभद्रता करने लगा। शायद उसे पता नहीं कि देश अब गुलाम नहीं है। अंग्रेज मैनेजर के खिलाफ लाम बंद हुए कर्मचारियों ने इसकी शिकायत एसपी को की है, मतलब मैनेजर अब बुरे फंसते नजर आ रहे हैं !

मामला जिले के स्लीमनाबाद के समीप ग्राम खिरहनी में नर्मदा नहर के निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों के साथ का है। यहां कंपनी के एक अधिकारी द्वारा अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। इस घटना को कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। बड़ी संख्या में आज कर्मचारी जिला मुख्यालय पहुंचे। कर्मचारियों ने कलेक्टर व एसपी को इस घटना से अवगत कराते हुए लिखित शिकायत सौंपी और कार्यवाही की मांग की।
कर्मचारियों ने बताया कि ग्राम खिरहनी में नर्मदा बांयी नहर का निर्माण कार्य चल रहा है, जहां पिछले कुछ समय से कार्यरत कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर इग्लेण्ड निवासी जिम क्लार्क द्वारा कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। कर्मचारियों ने अपनी शिकायत में बताया कि प्रोजेक्ट मैनेजर जिम क्लार्क द्वारा टीव्हीएस मशीन में कार्यरत कर्मचारियों को काफी समय से प्रताड़ित करते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाता है।
कर्मचारी इसका विरोध करते हैं तो वह मारपीट पर उतारू हो जाता है। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी लेकिन इसके बाद भी कोई कार्यवाही नहीं की। जिससे कर्मचारी काफी परेशान हैं। कर्मचारियों ने यह भी बताया कि दोपहर के समय जब भोजनावकाश का समय होता है, तब भी प्रोजेक्ट मैनेजर जिम क्लार्क द्वारा कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए खाना फेंक दिया जाता है। लगातार प्रताड़ित होने के बाद आज कर्मचारियों ने काम बंद करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचकर अधिकारियों को इस मामले से अवगत कराया।

