
कटनी. जिले के बरही थानेदार पर एक महिला पशु चिकित्सक ने अभद्रता के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार
पशु तस्करों से पकड़े गए मवेशियों के स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान बरही थाने में महिला पशु चिकित्सक से अभ्रदता का मामला प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा व डीजीपी तक पहुंच गया। दरअसल महिला पशु चिकित्सक से भोपाल में प्रदेश के गृहमंत्री तक परेशानी बताने के पीछे कटनी में आला अफसरों द्वारा उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिए जाने की बात कही है। इधर पशु चिकित्सक द्वारा बरही टीआइ संदीप अयाची के व्यवहार से गृहमंत्री को अवगत कराए जाने की चर्चा के बाद हड़कंप मच गया है।
बतादें कि बरही के पशु चिकित्सक डॉ. खुशबू जैन ने भोपाल पहुंचकर प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और डीजीपी को वस्तुस्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को पशु तस्करों से पकड़े ट्रक में 18 मवेशी में 16 जीवित व 2 मृत मवेशियों के स्वास्थ्य परीक्षण व पीएम के लिए उन्हे थाने बुलवाया गया। इस दौरान थाने बुलवाकर दो दिन तक इंतजार करवाया गया।
प्रक्रिया के दौरान बरही पुलिस का रवैया सहयोगात्मक नहीं रहा और बरही थाना प्रभारी संदीप अयाची ने अभ्रदता भी की। इसकी शिकायत जिले में आला अधिकारियों से करने के बाद भी थाना प्रभारी पर कार्रवाई नहीं की गई। जिले के बड़े अधिकारियों ने शिकायत पर ध्यान नहीं दिया।
इस पूरे मामले में बरही थाना प्रभारी संदीप अयाची व पुलिसकर्मियों ने उल्टे चिकित्सक पर ही अभद्र भाषा से बात करने का आरोप लगाया है। हालांकि इसे महिला चिकित्सक से बचाव के लिए किए जाने वाले प्रयास से जोड़कर देखा जा रहा है।








