भोपाल। पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने चुनाव को लेकर पार्टी लाइन के बाहर जाने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह समेत चुनाव को लेकर गठित समितियों से निष्क्रिय नेताओं के नाम तलब किए हैं
मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रमों और बैठकों से गैरहाजिर रहने वाले नेता और विधायकों के खिलाफ अनुशासन का डंडा चलेगा. पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने चुनाव को लेकर पार्टी लाइन के बाहर जाने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह समेत चुनाव को लेकर गठित समितियों से निष्क्रिय नेताओं के नाम तलब किए हैं.
दरअसल, नेता प्रतिपक्ष की अगुवाई में बीते दिनों कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा में डमी सदन लगाया. इसमें पार्टी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के साथ विधायक लगातार तीन दिन तक विधानसभा की सीढ़ियों पर दो से तीन घंटे बैठे रहे और डमी सदन के समापन पर राष्ट्रगान के साथ ही पार्टी निर्देशों का पालन किया. वहीं दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस के चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया की बुलाई बैठक में सदस्य पूरे समय अनुशासन में रहे, लेकिन इन सबके बीच एक बड़ी खबर निकल कर आई.
डमी सदन के संचालन के दौरान पार्टी के निर्देशों के बाद भी विधायक बिना सूचना के गैरहाजिर रहे, दो से तीन एेसे विधायक रहे जो सिर्फ चेहरा दिखाकर गायब रहे. और इसी तरह से सिंधिया की बैठक में लगातार तीन बार पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव नहीं पहुंचे तो विवेक तंखा दो बार नहीं आए.
पार्टी के निर्देशों पर अब बैठक में सदस्यों की बकायदा अटेंडेंस लगाई जा रही है, और अब पार्टी ऐसे नेताओं के खिलाफ अनुशासन का डंडा चलाने की तैयारी में है, जो पार्टी लाइन के बाहर जाकर पार्टी की बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो रहे हैं. यह भी बताया जा रहा है कि कई बड़े नेताओं पर भी गाज गिर सकती है.

