नई दिल्ली/ भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग का दिन जैसे-जैसे करीब आ रहा है। वैसे-वैसे पार्टियां वोटर्स को रिझाने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रही है। कोशिश कार्यकर्ताओं और संगठन को मजबूत करने पर भी है। इसी कड़ी में आज भाजपा के राष्ट्र्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मध्यप्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के बूथ कार्यकर्ताओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया।
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे बड़े शहरों के अलावा छोटे शहरों में भी भाजपा के बूथ कार्यकर्ता इस संवाद से सीधा जुड़े। खुद सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने भोपाल में राष्ट्रीय अध्यक्ष के संवाद को सुना। मेरा बूथ, सबसे मजबूत अभियान के तहत अमित शाह ने मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार की खूबियां गिनाईं।
अमित शाह ने इस संवाद कार्यक्रम में कहा कि, “प्रदेश में शिवराज सरकार ने अच्छा काम किया है। जहां कांग्रेस के शासनकाल में प्रति व्यक्ति आय 14 हजार थी। वही अब बढ़कर 72 हजार से ज्यादा हो गई है। इतना ही नहीं आज प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता 17700 मेगावाट से ज्यादा हो गई है। शिवराज सिंह के नेतृत्व में प्रदेश में कृषि उत्पादन दोगुना हुआ है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि, “2018 का विधानसभा चुनाव साधारण नहीं है, इसमें जीत दर्ज करते ही हमें 2019 लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी शुरू करनी होगी। ऐसे में कार्यकर्ताओं को जीत के लिए पूरी ताकत लगानी होगी।”
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को कहा कि, “इस बार लक्ष्य जीतने का नहीं है। बल्कि इतनी प्रचंड जीत का है कि विरोधियों का कलेजा कांप जाएं। 15 नवंबर को पूरे प्रदेश में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता अपने घर पर पार्टी का झंडा लगाएंगे। हम 21 नवंबर को कमल दीपावली मनाएंगे। प्रदेश के हर घर में कमल दीया जलाएंगे।”

