बुढ़ापे को मिलेगा सहारा, देश के अब 292 जिलों में चलेगी केंद्र की वयोश्री योजना
नई दिल्ली। बुजुर्गों को सरकार अब बेसहारा नहीं छोड़ेगी। सरकार ने बुजुर्गों के लिए शुरू की गई वयोश्री योजना का लाभ देश के सभी बुजुर्गों तक पहुंचाने का फैसला लिया है। इसके तहत पहले चरण में योजना का दायरा 292 जिलों तक बढ़ेगा। अभी तक यह योजना प्रत्येक राज्य के सिर्फ दो-दो जिले में ही लागू है। योजना में शामिल किए गए नए जिलों में सभी पिछड़े जिले सहित ज्यादा एससी-एसटी आबादी वाले जिलों को शामिल किया गया है।
बुजुर्गों के लिए शुरू की गई इस योजना के तहत सरकार बढ़ती उम्र के साथ उनके स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरतों को पूरा करती है। इसके तहत उन्हें चश्मा, छड़ी, ट्राई साइकिल, ट्राई मोटर और सुनने की मशीन आदि प्रदान की जाती है। अब जबकि चुनाव महज एक साल दूर हैं तो इसके राजनीतिक पहलू को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
दरअसल, इस योजना के जरिये सरकार उन परिवारों के बीच भी पैठ बना सकती है, जिनके बुजुर्गों को योजना का लाभ मिलेगा। इसके जरिये वह सद्भावना वोट बटोरने में भी कामयाब हो सकेगी। यही वजह है कि अगले छह महीनों के भीतर करीब 100 जिलों में योजना को पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए योजना से जुड़े एलिम्बको (आर्टीफिशियल लिम्बस मैनुफैक्चरिंग कारपोरेशन ऑफ इंडिया) को तेजी से काम करने को कहा गया है।
इसके तहत एलिम्बको को जिला प्रशासन से मिलकर तुरंत सर्वे कराने को कहा गया है। मालूम हो कि योजना के तहत पहले सर्वे कराया जाता है, इसके जरिये जिलों में जरूरतमंद लोगों के चयन का काम होता है। बाद में कैंप के जरिये उपकरणों का वितरण किया जाता है।

