Latestदिल्‍ली

बुराड़ी मामला : घर की दीवार पर लगे 11 पाइप काला जादू का हिस्सा तो नहीं

नई दिल्ली। बुराड़ी मामले में माना जा रहा है कि मोक्ष की प्राप्ति के लिए परिवार के सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से फांसी लगा जान दे दी। हालांकि पुलिस की जांच अभी जारी है।

pipeburarimurder 18 02 07 2018

इस बीच मृतक के घर की दीवार पर लगाए गए 11 प्लास्टिक के पाइप ने रहस्य और गहरे कर दिए हैं। लोगों का मानना है कि तंत्र विद्या के तहत इसे लगाया गया होगा।

घटना के दूसरे दिन सोमवार को लोग भाटी परिवार के बुराड़ी के संत नगर स्थित घर पर गए तो उन्होंने घर की बाहर की दीवार पर प्लास्टिक के 11 पाइप लगे हुए देखे।

मकान की दाहिनी ओर की दीवार पर इन पाइपों को लगाया गया है। चार पाइप बिल्कुल सीधे हैं जबकि 7 पाइपों का मुंह जमीन की और है।

इससे परिवार के तंत्र विद्या और काले जादू से जुड़े होने की बात को हवा मिल रही है। इसे मरने वाले लोगों की संख्या से जोड़ देखा जाने लगा।

यह महज इत्तेफाक है अथवा इसे लगाए जाने का मकसद सही में काला जादू तो नहीं, पुलिस इसकी जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इसका कोई न कोई संबंध जरूर परिवार की मौत से है।

हालांकि परिजनों का कहना है कि हवा आने-जाने के लिए इन पाइपों को घर में लगाया गया है। पिछले करीब डेढ़ साल से घर में रह-रहकर निर्माण कार्य चल रहा है।

नारायण देवी के छोटे बेटे ललित भाटी ने पाइप को लगवाया था। अब सवाल यह उठता है कि परिवार ने जब यह पाइप करीब एक वर्ष पहले लगवा लिए थे, तो क्या वे इतने दिन से मोक्ष के लिए आत्महत्या की तैयारी कर रहे थे।

पुलिस यह देख रही है कि क्या इसका जिक्र घर से बरामद डायरी अथवा रजिस्टर में तो नहीं है।

Leave a Reply

Back to top button