Latestमध्यप्रदेश

बीजेपी ‘महाकुंभ’: कांग्रेस की शिकायत पर चुनाव आयोग ने शासन से मांगी रिपोर्ट

भोपाल। भोपाल में कल होने वाले बीजेपी कार्यकर्ता महाकुंभ में सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का मामला चुनाव आयोग तक जा पहुंचा है. कांग्रेस की शिकायत पर आयोग ने राज्य शासन से रिपोर्ट तलब की है. आयोग ने उस शिकायत पर भोपाल नगर निगम से जवाब तलब किया है, जिसमें कथित रूप से नगर निगम के अफसर बीजेपी कार्यकर्ता महाकुंभ की तैयारियों में जुटे नजर आ रहे हैं.

दरअसल, भोपाल के जम्बूरी मैदान पर पच्चीस सितंबर को होने वाले बीजेपी के कार्यकर्ता महाकुंभ में सरकारी मशीनरी के इस्तेमाल पर चुनाव आयोग एक्शन मोड पर आ गया है. आयोग ने कांग्रेस की शिकायत पर राज्य शासन को पत्र लिख सोमवार शाम तक मामले पर रिपोर्ट देने को कहा है.

आयोग ने इस संबंध में मिली शिकायत पर भोपाल नगर निगम को दो दिन में जवाब देने को कहा है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के मुताबिक मामले पर जवाब आने के बाद संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.

चुनाव आयोग ने शहर भर में सरकारी संपत्ति पर लगे होर्डिंग्स और बैनर को भी गंभीर माना है. और इस पूरे मामले पर संबंधित अफसरों से जवाब मांगा है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के मुताबिक राजनैतिक दलों के प्रचार के लिए सरकारी संपत्ति के इस्तेमाल की शिकायत पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई होगी.

Leave a Reply

Back to top button