बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह भोपाल बैठक में कार्यकर्ताओं को देंगे जीत का मंत्र

भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार दोपहर भोपाल पहुंचे, जहां वो प्रदेश स्तरीय विस्तारिक बैठक को संबोधित कर रहे हैं।
इस दौरान भाजपा अध्यक्ष करीब दो घंटे के लिए भोपाल में रुकेंगे और फिर कर्नाटक विधानसभा के चुनाव प्रचार के लिए बंगलौर रवाना हो जाएंगे.
अमित शाह आज दोपहर एक विशेष विमान से भोपाल एयरपोर्ट पहुंचे. स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने उनकी अगवानी की. स्वागत के बाद अमित शाह सीधे भेल दशहरा मैदान के लिए रवाना हो गए, जहां वो पार्टी की प्रदेश स्तरीय विस्तारित बैठक को संबोधित कर रहे हैं
बीजेपी अध्यक्ष इस दौरान भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष और सांसद राकेश सिंह को एमपी के तमाम नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से रूबरू कराएंगे. साथ ही प्रदेश में 2018 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद भी करेंगे।
चुनाव में जीत का देंगे मंत्र
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मध्यप्रदेश में पांच माह बाद होने जा रहे चुनाव का शंखनाद करेंगे। इस मौके पर प्रदेशभर से छह हजार कार्यकर्ताओं को विशेषतौर पर बुलाया गया है। इसमें मंडल अध्यक्ष और महामंत्री, सांसद-विधायक, निकाय प्रतिनिधि से लेकर मंत्री तक शामिल है। शाह मध्य प्रदेश में औपचारिक तौर पर चुनावी तैयारियों की शुरुआत कर सकते हैं।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के भोपाल आने से पहले बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई. इस बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह मौजूद रहें.








