Thursday, May 21, 2026
Latest:
Latest

बिना परमिशन छुट्टी लेने वाले शिक्षकों की सेवाएं समाप्त होंगी , सहायक आयुक्त ने जारी किया आदेश

Election Action: बिना परमिशन छुट्टी लेने वाले शिक्षकों की सेवाएं समाप्त होंगी । अनुपस्थित शिक्षकों की सेवा समाप्त करने की तैयारी विभाग द्वारा शुरू कर दी गई है। सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग डा. संतोष शुक्ला ने जहां लापरवाही पर एक शिक्षक को निलंबित कर दिया है वहीं नौ शिक्षकों की सेवा समाप्त करने के लिए संबंधित क्षेत्र के बीईओ से प्रतिवेदन मांगा गया है।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में शिक्षकों की डयूटी लगाई गई है। लापरवाह शिक्षक प्रशिक्षण में भी अनुपस्थित रह रहे हैं। लापरवाही की हद तो यह सामने आई कि जनपद पंचायत बजाग अंतर्गत हायर सेकेंडरी स्कूल चांडा में पदस्थ प्राइमरी शिक्षक सूरज धाकड 22 जून 2023 से अब तक बिना सूचना के अनुपस्थित है। बताया गया कि शिक्षक पांच माह से स्कूल नहीं आ रहा है।

इस लापरवाही पर सहायक आयुक्त ने शिक्षक सूरज धाकड को निलंबित कर बीईओ कार्यालय बजाग संलग्न कर दिया है। इसी तरह चार संविदा शाला शिक्षक, चार प्राइमरी शिक्षक और एक सहायक अध्यापक की लापरवाही भी सामने आ रही है। सोमवार को सभी बीईओ को आदेश जारी कर सहायक आयुक्त ने रात 12 बजे तक संबंधित शिक्षकों की सेवा समाप्ति का प्रतिवेदन तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

 

इन शिक्षकों की सेवा समाप्त करने मांगा प्रतिवेदन

 

आदेश के तहत जिले के मेहंदवानी विकासखंड अंतर्गत प्राइमरी स्कूल डुलहरी में पदस्थ संविदा शिक्षक वर्ग तीन नवल सिंह मरावी, प्राइमरी स्कूल टिकराटोला में पदस्थ संविदा शाला वर्ग तीन सुकल सिंह पंद्रों, प्राइमरी स्कूल हर्रा टोला में पदस्थ सहायक अध्यापक मुकेश कुमार रघुवंशी, प्राइमरी स्कूल सुडगांव में पदस्थ संविदा शिक्षक वर्ग तीन रविंद्र मसराम की सेवा समाप्त करने के लिए बीईओ मेहंदवानी से प्रतिवेदन मांगा गया है।

 

 

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम