Site icon Yashbharat.com

बाजार में 15 नवंबर को आ सकता है ‘भारत 22’ ETF

नई दिल्लीः सार्वजनिक क्षेत्र की 22 कंपनियों, बैंकों एवं निकायों का एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ई.टी.एफ.) ‘भारत 22’ 15 नवंबर को बाजार में पेश किया जा सकता है। वित्त मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आज इसकी जानकारी दी। इस ई.टी.एफ. को पेश करने की तिथि तथा इश्यू की मात्रा तय करने के लिए वित्तमंत्री अरुण जेटली की अध्यक्षता वाली एक मंत्री स्तरीय समिति गठित की गई थी।
8000 करोड़ रुपए से अधिक हो सकती है ETF की राशि
अधिकारी ने कहा, ‘‘इसे मंजूरियां दी जा चुकी है। यह सब्सक्राइव करने के लिए 15 नवंबर को उपलब्ध हो सकता है।’’ उन्होंने आगे कहा कि ई.टी.एफ. की राशि अभी तय नहीं की गई है लेकिन यह आठ हजार करोड़ रुपए से अधिक हो सकती है।’’ यह ई.टी.एफ. सरकार की विनिवेश योजना का हिस्सा है। मंत्री स्तरीय समिति में पैट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, नगर विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी, रेल मंत्री पीयूष गोयल और विद्युत मंत्री आर के सिंह शामिल हैं।

ये कंपनियां है शामिल
इस ई.टी.एफ. में शामिल कंपनियां ओ.एन.जी.सी., आई.ओ.सी., एस.बी.आई., बी.पी.सी.एल., कोल इंडिया और नाल्को हैं। इसके अलावा इसमें एक्सिस बैंक, आई.टी.सी. और एलएंडटी की सरकारी हिस्सेदारी भी शामिल है। अन्य सार्वजनिक कंपनियों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियर्स इंडिया, एन.बी.सी.सी., एन.टी.पी.सी., एन.एच.पी.सी., एस.जे.वी.एन.एल., गेल, पी.जी.सी.आई.एल. और एन.एल.सी. इंडिया शामिल हैं।

Exit mobile version