FEATURED
बहन ने मृत भाई को वापस पाने के लिए निगली10 सुइयां
कोलकाता। नीलरतन सरकार मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टरों ने एक किशोरी के गले में फंसीं 10 सूइयों को निकालकर चिकित्सा विज्ञान में एक और उपलब्धि कोलकाता के नाम दर्ज की है।
इससे भी चौंकाने वाली बात यह है कि ये सूइयां किशोरी के गले में गलती से नहीं फंसी थी, बल्कि उसने अपनी मर्जी से उन्हें निगला था।
हैरान करने वाली बात यह है कि ऐसा उसने अपने मृत भैया को वापस पाने के लिए किया था। किशोरी का नाम अपरूपा विश्वास है। वह नदिया जिले (पश्चिम बंगाल) के कृष्णनगर की रहने वाली है।
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि अपरूपा की हालत ठीक है। ऑपरेशन के बाद उसके गले में 30 टांके पड़े हैं। उसका इलाज करने वाले डॉक्टरों के मुताबिक अपरूपा से बातचीत कर पता चला है कि वह अपने मृत भैया को वापस पाने के लिए सूइयां खाती थी।
उसके भैया की तीन साल पहले मृत्यु हो गई थी। उसके बाद से ही अपरूपा की मानसिक हालत बिगड़ने लगी थी। डॉक्टरों ने बताया कि 14 साल की किशोरी ने नियमित अंतराल पर एक-एक करके 10 सूइयां निगली थीं।
बेहद मुश्किल इस ऑपरेशन को दक्ष डॉक्टरों ने महज आधे घंटे में पूरा किया। अपरूपा को गले में दर्द की शिकायत पर उसके माता-पिता ने अस्पताल में भर्ती कराया था। वह पिछले नौ दिनों से गले के दर्द से परेशान थी।



