बहने पंचक में बांधेंगी भाई को राखी, दोष से बचने के लिए 5 दिन कतई न करें ये काम

धर्म डेस्क। रविवार 26 अगस्त को देशभर में रक्षा बंधन का त्योहार मनाया जाएगा। लेकिन ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, शनिवार रात 11 बजे से ही पंचक दोष लग रहा है। शनिवार को होने के कारण इसे मृत्यु पंचक नाम से भी जाना जाता है। ऐसे में दोष से बचने के लिए पांच दिन इन कामों को करने से जरूर बचें।

ज्योतिषाचार्य पंडितो ने बताया कि, जब चंद्रमा धनिष्ठा, शतभिषा, पूर्वाभाद्रपद, उत्तराभाद्रपद और रेवती नक्षत्र के चारों ओर भ्रमण करता है तो पंचक लगता है। इस काल को अशुभ माना जाता है। इस बार पंचक रक्षाबंधन से एक दिन पहले ही लग रहा है। इसलिए खासी सतर्कता बरतने की जरूरत है।
इस काल में कोई भी शुभ कार्य नहीं करना चाहिए। वहीं आग से जुड़े कोई भी कार्य करने से बचना चाहिए, इससे आग लगने का खतरा रहता है।
दक्षिण दिशा यमराज की दिशा मानी गई है। इसलिए पंचक के दौरान दक्षिण दिशा में यात्रा नहीं करना चाहिए।
अगर आपका घर बन रहा है तो पंचक के दिनों में उसकी छत नहीं बनवानी चाहिए। ऐसा करने से घर में लड़ाई-झगड़ों के हालात बने रहते हैं।
पंडितों की मानें तो पंचक में चारपाई बनवाना शुभ नहीं माना जाता है। विद्वानों के अनुसार ऐसा करने से घर में कोई बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।
मृत्यु पंचक में  माना जाता है कि किसी भी प्रकार का जोखिम भरा काम नहीं करना चाहिए। इससे विवाद या दुर्घटना आदि होने का खतरा बना रहा है।
Exit mobile version