Latestमध्यप्रदेश

प्रदेश में दो ही नेता कार में एसी नहीं चलाते, एक शिवराज-दूसरा मैं-ज्योतिरादित्य सिंधिया

भोपाल. भाजपा में शामिल होने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया पहली बार भोपाल पहुंचे। यहां पहुंचकर सिंधिया ने शहर में रोड शो किया। शाम 5 बजे एयरपोर्ट से शुरू हुआ 20 किलोमीटर लंबा रोड शो 6.30 बजे भाजपा कार्यालय पहुंचा। यहां उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय, कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता सिंधिया और माधवराव सिंधिया की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। यहां सिंधिया ने कहा- आज मेरे लिए बहुत भावुक पल है। मैं अपने आप को सौभाग्यशाली समझता हूं कि नड्डा साहब, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी, गृहमंत्री अमित शाह के आशीर्वाद से इस परिवार के द्वार मेरे लिए खोले गए। जिस संगठन में, जिस परिवार में मैंने 20 साल बिताए, मेहनत-लगन-संकल्प और खून-पसीने की बूंद बहाई, उसे छोड़कर मैं खुद को आपको समर्पित कर रहा हूं।

भाजपा कार्यालय में सिंधिया बोले- दो तरीके के लोग हैं इस देश में। कइयों का मकसद राजनीति होता है और कइयों का मकसद जनसेवा होता है। मैं गर्व से कह सकता हूं कि अटलजी रहे हों या नरेंद्र मोदीजी हों, चाहे सिंधिया परिवार की सदस्य मेरी दादी राजमाता विजयाराजे सिंधिया रही हों, मेरे पूज्य पिताजी हों या मैं फिर मैं… हमारा लक्ष्य जनसेवा है और राजनीति उसका माध्यम है।

सिंधिया बोले- हमारे लिए कुर्सी और पद महत्वपूर्ण नहीं

सिंधिया ने कहा- हमारे लिए कुर्सी और पद महत्वपूर्ण नहीं होना चाहिए। केवल सम्मान और पहचान के साथ मैं आपके हृदय में स्थान पा सकूंगा तो अपने जीवन को सफल मानूंगा। आज शिवराज सिंह जी ने बहुत कुछ कहा। मौजूदा सरकार के बारे में और इतनी रंगीन शैली में कहा कि उसका मुकाबला ज्योतिरादित्य सिंधिया शायद ही कर पाए। दिसंबर 2018 में मुकाबला हुआ था, लेकिन आज हम एक साथ हैं। दल अलग हो सकते हैं, राजनीतिक रंग अलग हो सकते हैं, मतभेद हो सकते हैं, लेकिन पक्ष और विपक्ष के बीच कभी मनभेद नहीं होना चाहिए। विपक्ष में बैठकर भी शिवराज सिंह जैसा समर्पित और जनता के प्रति सबकुछ न्योछावर करने वाला कार्यकर्ता इस देश और प्रदेश में बिरला ही होगा।

आपके दिल में जगह बनाना मेरा लक्ष्य: सिंधिया

अपने परिवार के सियासी सफर पर सिंधिया ने कहा, “जिस दल को पसीने और पूंजी के साथ मेरी दादी ने स्थापित किया। 36 साल की उम्र में पहली बार जनसेवा का लक्ष्य बनाकर मेरे पिताजी चले, आज उसी दिल में ज्योतिरादित्य सिंधिया ये अपना दिल लेकर आया है। कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि आपके दिल में स्थान पाना ज्योतिरादित्य के जीवन का लक्ष्य होगा। विश्वास दिलाना चाहता हूं कि जहां आपका एक बूंद पसीना टपकेगा, वहां 100 बूंद पसीना टपकाऊंगा और अगर खून की जरूरत होगी तो वह भी बहाऊंगा।”

भाजपा कार्यालय में शिवराज ने किया स्वागत

भाजपा कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंधिया का स्वागत किया। वे भाजपा कार्यालय में ही कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। इसके बाद वे ग्वालियर-चंबल संभाग से आए अपने समर्थकों से मुलाकात करेंगे। रोड शो के दौरान जिला कांग्रेस कार्यालय के दफ्तर के पास कांग्रेसियों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की।

रोड शो में सिंधिया का जोरदार स्वागत हुआ

सिंधिया शाम को करीब 4.45 बजे भोपाल पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर बड़ी तादाद में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। समर्थक अपने साथ ज्योतिरादित्य और उनके पिता माधवराव सिंधिया के पोस्टर भी लाए। रोड शो में कार्यकर्ताओं की भीड़ देखकर सिंधिया काफी खुश नजर आए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा- लोगों का स्नेह मेरी पूंजी है। इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सिंधिया पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सिंधिया अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर डरे हुए थे और वे इसीलिए विचारधारा को जेब में रखकर आरएसएस के साथ चले गए।

Back to top button