katniLatest

प्रदेश की पहली डिजिटल पंचायत बनी विजयराघवगढ़ की बंजारी, जनता को ये मिलेंगी सुविधाएं

कैमोर। मध्यप्रदेश की पहली डिजीटल ग्राम पंचायत का शुभारंभ कल 26 अगस्त को विजयराघवगढ़ क्षेत्र के विधायक पूर्व राज्यमंत्री संजय सत्येन्द्र पाठक द्वारा फीता काटकर किया गया। प्रदेश की पहली डिजिटल ग्राम पंचायत होने का गौरव विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र की बंजारी ग्राम पंचायत को मिला है। इस पंचायत में पिछले लगभग एक साल से इसकी जोरदार तैयारी की जा रही थी। अंततः अधिकारियों कर्मचारियों ने मेहनत करके इसे पूरी तरह डिजिटल सेवाओं के लिए तैयार कर लिया। केन्द्र की ओर से डिजीटल ग्राम पंचायतों को दी जाने वाली सुविधाऐं उपलब्ध हो गई और अंततः बंजारी प्रदेश की पहली डिजीटल पंचायत हो गई।
IMG 20190827 WA0009 e1566890548412

विजयराघवगढ़ तहसील मुख्यालय से लगी ग्राम पंचायत बंजारी में डिजिटल सेवाओं का शुभारंभ करते हुए विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने कहा कि भारत को डिजीटल इंडिया बनाने का सपना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देखा था और उसे मूर्तरूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में क्षेत्र की ग्राम पंचायत बंजारी को यह गौरव प्राप्त हुआ है। यह विजयराघवगढ़ क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार शौचालय से लेकर गरीबों को आवास तक की सुविधा उपलब्ध करा रही। किसानों के लिए भी अनेक हितकारी योजनाओं चल रहीं जिसका सीधा लाभ किसानों तक पहुंच रहा। उन्होंने कश्मीर से धारा 370 हटाये जाने के मोदी सरकार के फैसले को एक एतिहासिक कदम करार देते हुए कहा कि इतना साहसिक निर्णय केन्द्र में मजबूत सरकार ही ले सकती थी। सरकार के इस कदम से अब जम्मू कश्मीर का विकास होगा साथ ही वहां आतंक का सफाया होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में केन्द्र सरकार पाक अधिकृत कश्मीर को लेकर भी कोई ठोस कदम उठाएगी। विधायक संजय पाठक ने उपस्थित समूह से वंदे मातरम और भारत माता जय की जय के जोशीले नारे भी लगवाए।

IMG 20190827 WA0010 e1566890522954

किन-किन सुविधाओं से लैस होगी बंजारी पंचायत
प्रदेश की पहली डिजीटल ग्राम पंचायत के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित जिला सीएसासीई अधिकारी उपेन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि बंजारी ग्राम पंचायत में अब वाई-फाईसुविधा निःशुल्क उपलब्ध रहेगी, जिसका उपयोग ग्रामीण कर सकेंगे। ग्रामीणों को ई-बैकिंग की सारी सुविधाएं अभी मिल सकेंगी। एल.ईडी बल्ब उपलब्ध होंगे। शासकीय योजनाओं के तहत बनवाये जाने वाले सभी प्रकार के प्रमाण पत्र ऑनलाईन उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने आने वाले समय में सुविधाओं के और विस्तार के बारे में भी बताया।

डिजिटल विलेज के यें हैं मानक
टेली मेडिसिन सर्विस- इसके माध्यम से मरीज और उनके परिजनों को डिजिटल तरीके से स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराई जाएगी। ऑनलाइन कंसलटेशन भी होगा।
टेली एजुकेशन सर्विस-गांव के सभी विद्यार्थियों को स्कूल के अलावा ऑनलाइन एजुकेशन की सुविधा भी दी जाएगी। बच्चों की ऑनलाइन क्लासेज लगेंगी।
वाई फाई हॉट स्पॉट सर्विस-मोबाइल वाई.फाई हॉट स्पॉट रहना जरूरी होगा। हर दिन कम से कम 5 घंटे फ्री वाई फाई सुविधा मिलेगी।
एलईडी लाइट- डिजिटल विलेज में हाई मास्ट एलईडी लाइट ऐसी जगहों पर लगेगीए जो पूरी रात गांवों में रोशनी दे सके।तथा गांव में ही एल ई डी बल्ब लगाने की यूनिट भी लगाई जाएगी ।
स्किल डिवेलपमेंट-हर गांव में स्किल डिवेलपमेंट की स्थायी टीम काम करेगी, जो गांव वालों को डिजिटल कामों में मदद करेगी।

पगड़ी पहनाकर किया विधायक का सम्मान
डिजीटल ग्राम पंचायत उद्घाटन समारोह के अवसर पर पंचायत एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक को पगड़ी पहनाकर और तलवार भेंटकर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री उदयराज सिंह, पूर्व जनपद अध्यक्ष रंगलाल पटेल, जनपद अध्यक्ष गंगाराम चौधरी, नगर परिषद अध्यक्ष राकेश गुप्ता, ग्राम बंजारी के सरपंच सुशील साहू, मनीष देवमिश्रा, एडवोकेट नूर मोहम्मद, राजा उरमलिया, जयवंत सिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष प्रमोद शुक्ला, प्रदीप बड़गैंया आदि प्रमुखजनों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Back to top button