पूर्व विधायक दिलीप दुबे के पिता का रेल ट्रेक पर मिला क्ष्तविक्षत शव
जबलपुर, मुनप्र। सिहोरा के पूर्व विधायक दिलीप दुबे के पिता का शव आज सुबह रेलवे ट्रेक पर मिला उन्होंने आत्म हत्या की या फिर वह हादसे का शिकार हुए फिलहाल यह अज्ञात है। आज सुबह घर से करीब 2 किलोमीटर दूर स्थित रेलवे लाईन पर शव की सूचना ग्राम कोटवार ने पुलिस को दी। जानकारी लगते ही पुलिस का अमला मौके पर पहुंचा और प्रारंभिक जांच पड़ताल करने के उपरांत शव का पंचनामा कर पीएम के लिए रवाना कर दिया है। बताया जाता है कि श्री दुबे के पिता 85 वर्ष के थे और वे बीमारी से पीड़ित थे। इस संबंध में सिहोरा पुलिस ने बताया कि कंकाली मोहल्ला सिहोरा निवासी पूर्व विधायक दिलीप दुबे के पिता 85 वर्षीय श्रीराम दुबे आज सुबह रोजाना की तरह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। घर से करीब 2 किलोमीटर दूर स्थित कुर्रे फाटक रेलवे लाईन पर पहुंचकर उन्होंने संभवत: ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। घटना की खबर लगते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और प्रारंभिक परीक्षण करने के उपरांत शव का पंचनामा कर पीएम के लिए भिजवा दिया। बड़ी संख्या में पूर्व विधायक के परिचित और समर्थक भी मौके पर एकत्र हो गए थे। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में ले लिया है। भाजपा जनों ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है।

