पायलट समर्थक विधायक एसओजी नोटिस पर नाराज, कल बैठक में जाने से इंकार, सिंधिया का ट्वीट

जयपुर. राजस्थान में सरकार गिराने की साजिश और विधायकाें की खरीद-फराेख्त के आरोपों के बीच यहां रविवार को सियासी घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है। जयपुर से लेकर दिल्ली तक बैठकों का दौर चल रहा है।
डिप्टी सीएम सचिन पायलट समेत 12 कांग्रेस और 3 निर्दलीय विधायकाें के दिल्ली के अलावा हरियाणा के तावड़ू स्थित एक हाेटल में हाेने की सूचना मिली। नाराज चल रहे कांग्रेसी विधायक पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलकर अपनी बात रख सकते हैं। इसके लिए समय मांगा गया है।
इस बीच कल मुख्यमंत्री द्वारा बुलाई गई विधायकों की बैठक में सचिन पायलट तथा समर्थक विधायकों ने जाने से इंकार कर दिया है।
मीडिया खबरों के अनुसार सचिन पायलट की ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात हुई, सिंधिया ने सचिन के समर्थन में ट्वीट भी किया है। वहीं शाम को पायलट राहुल गांधी से भी मिलने नहीं गये। रणदीप सिंह सुरजेवाला कल जयपुर रवाना हो रहे हैं।
दरअसल, पायलट के नाराज होने की वजह विधायकों की खरीद-फरोख्त के मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) का नोटिस बताया जा रहा है। इस मामले में उनसे पूछताछ की जाएगी। एसओजी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत अन्य मंत्रियों को भी नोटिस भेजा है। हालांकि, सीएम ने कहा है कि यह सामान्य प्रक्रिया है।
पर, सूत्रों का कहना है कि एसओजी का नोटिस आने के बाद पायलट समर्थक विधायक नाराज हैं। उनका कहना है कि सरकार ने सभी हदें पार कर दी हैं और अब उनके साथ काम करना असंभव है।
15 भाजपा विधायकों के समर्थन का भी दावा
खबर आ रही है कि सचिन भाजपा नेताओं के संपर्क में हैं। उन्होंने 15 विधायकों के समर्थन का दावा किया है। उधर, भाजपा का कहना है कि पहले वह गहलोत सरकार गिराएं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भाजपा ने मुख्यमंत्री पद देने से इनकार कर दिया है। इस बीच, मुख्यमंत्री गहलोत ने आज रात जयपुर सभी मंत्रियों और विधायकों को जयपुर बुलाया है। कल सुबह 10.30 बजे विधायक दल की बैठक होगी।
विधायकों की खरीद के मामले में एसओजी कर रही जांच
विधायकाें की खरीद-फराेख्त के मामले में राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के लिए एसओजी का गठन किया था। एसओजी के अनुसार उसने अवैध हथियार और विस्फोटक सामग्री की तस्करी से जुड़े मामले में मोबाइल नंबर 9929229909 और 8949065678 को सर्विलांस पर लिया हुआ था। इन पर हुई बातचीत में सामने आया है कि राज्यसभा चुनाव से पहले सरकार गिराने की साजिश रची गई थी। विधायकों को 25-25 करोड़ रुपए देने की जानकारी भी सामने आई है।
विधायकों को पैसा देने के मामले में एसीबी ने शनिवार को तीन निर्दलीय विधायकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें महुवा से ओमप्रकाश हुड़ला, अजमेर किशनगढ़ से सुरेश टांक और पाली मारवाड़ जंक्शन से निर्दलीय विधायक खुशवीर सिंह शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने मोर्चा संभाला, विधायकों से बात कर रहे
अशोक गहलोत सुबह से अपने आवास पर कांग्रेस के विधायकों और मंत्रियों से मिल रहे हैं। सभी मंत्रियों और विधायकों को कहा गया है कि वह अपने क्षेत्र को छोड़कर जयपुर पहुंचे। राजस्थान के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के मुताबिक, ‘कैबिनेट मीटिंग में मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि किसी विधायक या मंत्री का फोन बंद आए या फिर वह नहीं मिल रहा है तो घबराएं नहीं, उससे संपर्क करें। सरकार को बचाने की जिम्मेदारी सब पर है।’








