FEATUREDअंतराष्ट्रीय

पाकिस्तान के सिंध प्रांत में ट्रेन-बस में जबरदस्‍त टक्कर, 20 की मौत, 60 घायल

इस्‍लामाबाद, एजेंसी । पाकिस्‍तान के सिंध प्रांत में एक यात्री बस और ट्रेन में जबदस्‍त टक्‍कर हुई। इस हादसे में कम से कम 20 यात्रियों की मौत हो गई, 60 से अधिक लोग घायल है। घायलों को निकट के अस्‍पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में कुछ की हालत काफी गंभीर है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना शुक्रवार की रात सुक्कुर जिले में रोहड़ी रेलवे स्‍टेशन के पास हुई। डॉन की खबर के मुताबिक मरने वाले एवं घायलों की संख्या में इजाफा हो सकता है। इसलिए मरने वालों की संख्‍या में बढ़ सकती है। मौके पर बचाव कार्य जारी है।

मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ हादसा

बता दें कराची से रावलपिंडी जा रही पाकिस्‍तान एक्‍सप्रेस रोहड़ी रेलवे स्‍टेशन के समीप मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर एक यात्रा बस से टकरा गई। इसमें 20 यात्री सवार थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि टक्‍कर इतनी जबरदस्‍त थी कि बस तीन भागों में बंट गई। सुक्कुर आयुक्त शफीक अहमद महेसर ने कहा कि यह एक बहुत बड़ी त्रासदी है और सभी प्रशासन और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर हैं। उन्‍होंने कहा कि यह एक मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग थी। मौके पर यातायात को रोकने के लिए वहां कुछ भी मौजूद नहीं था। सुक्कुर जिला स्वास्थ्य अधिकारी मुनीर मंगरियो ने पुष्टि की कि पीड़ितों में पांच महिलाएं और नौ पुरुष शामिल हैं।

मुख्यमंत्री मुराद अली ने सभी अस्पतालों में आपातकाल घोषित किया

डॉन न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक सिंध प्रांत के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने खैरपुर के सभी अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक घटना में घायल लोगों के लिए पर्याप्त दवाइयां और रक्‍त सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इस बीच पाकिस्‍तान रेल मंत्रालय प्रवक्ता ने कहा कि टक्कर में ट्रेन का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रवक्‍ता ने कहा कि ट्रेन के सहायक चालक को चोटें आईं है। हालांकि ट्रेन में सवार यात्री सुरक्षित हैं। उन्‍होंने कहा कि पाकिस्तान रेलवे के पास 2,470 मानव रहित क्रॉसिंग हैं। इसके लिए मंत्रालय ने कई बार प्रांतीय सरकारों को लिख चुका है।

Back to top button