पाकिस्तानी हैकर्स ने कॉलेज की वेबसाइट हैक कर लगाई आसिफा की तस्वीर
इंदौर। सोमवार रात करीब 12 बजे खुद को पाकिस्तानी हैकर्स बता रहे कुछ लोगों ने प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च की वेबसाइट हैक कर ली। हैकर्स ने इस पर पाकिस्तान का झंडा लगाया और लिखा कि हम पाकिस्तानी हैकर्स हैं और हम तुम्हें तबाह कर देंगे। यहां पर कठवा दुष्कर्म पीड़िता का फोटो भी लगाया और उसके लिए न्याय की मांग की। हालांकि कॉलेज ने सुबह होते ही वेबसाइट को रिकवर कर लिया।
कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. योगेश्वरी पाठक ने बताया कि रात करीब 12 बजे वेबसाइट के हैक होने की सूचना मिली। हमने वेबसाइट संभालने वाली कंपनी को जानकारी दी। कंपनी ने बैकएंड कट कर दिए और सुबह होते ही वेबसाइट रिकवर कर ली गई। कोई भी डाटा लॉस नहीं हुआ है। कंपनी को वेबसाइट की सिक्योरिटी और बेहतर करने के निर्देश दिए हैं। साइबर सेल में भी इस घटना की शिकायत कॉलेज की ओर से की जाएगी।

