मध्यप्रदेश
रेत माफिया और पुलिस गठजोड़ का भंडाफोड़ करने वाले पत्रकार की ट्रक से कुचलने से मौत
भिंड। भिंड में रेत माफिया और पुलिस के गठजोड़ का स्टिंग करने वाले पत्रकार संदीप शर्मा की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। उनकी हत्या की भी आशंका जताई जा रही है। संदीप शर्मा तत्कालीन अटेर एसडीओपी इंद्रवीर भदौरिया का स्टिंग कर चर्चा में आए थे। संदीप न्यूज वर्ल्ड चैनल के लिए काम करते थे।
हादसा उस वक्त हुआ जब संदीप शहर कोतवाली के पास से गुजर रहे थे और उनको एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी। उनको डायल 100 से तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उन्होने दम तोड़ दिया। रेत माफिया और पुलिस के गठजोड़ के स्टिंग के बाद संदीप इस तरह के हादसे की आशंका पहले ही जता चुके थे। गौरतलब है इससे पहले भी रेत माफिया प्रदेश में कई बार बड़े अधिकारियों तक पर हमला कर चुके हैं।








