नेशनल जूनियर एथलेटिक्स मीट के लिए कटनी के 13 खिलाड़ियों का चयन,हैदराबाद में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे चयनित खिलाड़ी
कटनी। 20वीं नेशनल इंटर डिस्ट्रिक्ट जूनियर एथलेटिक्स मीट (NIDJAM) के लिए कटनी जिले के 13 जूनियर एथलीटों का चयन किया गया है। कटनी जिला एथलेटिक्स संघ द्वारा 21 अक्टूबर को ऑर्डिनेंस फैक्ट्री स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय एथलेटिक्स चयन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर इन प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी हैदराबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कटनी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
चयन प्रतियोगिता में अदाणी फाउंडेशन के कैमोर एवं अमेठा सीमेंट वर्क्स स्पोर्ट्स प्रोजेक्ट के प्रशिक्षुओं, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रशिक्षुओं तथा विभिन्न खेल क्लबों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन किया। आयोजन को सफल बनाने में एथलेटिक्स के वरिष्ठ खिलाड़ियों का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा।
इन खिलाड़ियों ने बनाई जगह
चयनित खिलाड़ियों में बालिका अंडर-16 वर्ग से अनुश्री उर्मलिया, योगिता केवट, खुशी सोनी और अनाया मिश्रा शामिल हैं। बालक अंडर-14 वर्ग में कौशिक साहू, आदित्य गुप्ता और स्वप्निल त्रिपाठी का चयन हुआ है। वहीं, बालक अंडर-16 वर्ग में कलश राणा, हर्षित सिंह चौहान और दिव्यांशु बेहेलिया ने जगह बनाई। बालिका अंडर-14 वर्ग से सृष्टि पटेल, इफरा अंसारी और लवली यादव चयनित हुई हैं।
कटनी जिला एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। संघ ने विश्वास जताया कि सभी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर कटनी जिले का नाम रोशन करेंगे।












