MP का नया इतिहास: सोशल इम्पैक्ट बांड लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना मध्य प्रदेश; 600 OBC युवाओं को जापान-जर्मनी में मिलेगा रोजगार
भोपाल, yashbharat.com। मध्य प्रदेश ने कौशल विकास और वैश्विक रोजगार के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। मध्य प्रदेश ‘सोशल इम्पैक्ट बांड फ्रेमवर्क’ (Social Impact Bond Framework) के तहत परियोजना लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। गुरुवार को मुंबई स्थित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) परिसर में इस ऐतिहासिक परियोजना की आधिकारिक लिस्टिंग, बेल-रिंगिंग सेरेमनी और त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अभिनव योजना के जरिए प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों के 600 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) युवाओं को जापान और जर्मनी में अंतर्राष्ट्रीय रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा।
जापान और जर्मनी में मिलेगी नौकरी: दी जाएगी भाषा व व्यावसायिक ट्रेनिंग
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने परियोजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया:
300-300 युवाओं का चयन: योजना के तहत ओबीसी वर्ग के 300 युवाओं को जापान और 300 युवाओं को जर्मनी में रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा।
आवासीय कौशल एवं भाषा प्रशिक्षण: युवाओं को केवल नौकरी ही नहीं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुसार आवासीय कौशल प्रशिक्षण (Skill Training), विदेशी भाषा ज्ञान (Language Proficiency) और उच्च स्तरीय व्यावसायिक दक्षता दी जाएगी।
चार प्रमुख संस्थानों का समन्वय: यह प्रोजेक्ट मध्य प्रदेश शासन, नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (NSDC), नाबार्ड (NABARD) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आपसी समन्वय से लागू किया जा रहा है।










