निर्वाचन साक्षरता क्लब की निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाया उत्साह,मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति किया जागरूक, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं हुईं पुरस्कृत

IMG 20261113 WA0069

निर्वाचन साक्षरता क्लब की निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाया उत्साह,मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति किया जागरूक, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं हुईं पुरस्कृत

 

कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) के तत्वावधान में छात्राओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निबंध एवं प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा और निर्वाचन संबंधी ज्ञान का प्रदर्शन किया।

निबंध प्रतियोगिता में छात्राओं ने ‘सशक्त लोकतंत्र में जागरूक मतदाता की भूमिका’, ‘युवाओं की मतदान प्रक्रिया में सहभागिता’ तथा ‘मताधिकार : अधिकार ही नहीं, जिम्मेदारी भी’ जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्राओं ने निबंधों के माध्यम से मतदान के महत्व, नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में जागरूक मतदाता की भूमिका को प्रभावी ढंग से रेखांकित किया।

वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में निर्वाचन आयोग, मतदाता सूची, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया, आदर्श आचार संहिता, नोटा, स्वीप अभियान तथा मतदाताओं के अधिकारों एवं कर्तव्यों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मूल्यांकन के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निर्वाचन साक्षरता क्लब की गतिविधियां युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना और नागरिक जिम्मेदारी विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने छात्राओं से स्वयं जागरूक मतदाता बनने के साथ ही अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

इसे भी पढ़ें-  वास्तु टिप्स: घर की किस दिशा में रखनी चाहिए दवाइयां? गलत दिशा में रखने से बढ़ सकती हैं बीमारियां, जानिए सही नियम

कार्यक्रम के सफल आयोजन में निर्वाचन साक्षरता क्लब के संयोजक, महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं छात्राओं का सराहनीय योगदान रहा।