नर्मदा नदी में एक ही परिवार के 5 सदस्य डूबे, एक का शव मिला, चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

होशंगाबाद. गंगा दशहरा पर नर्मदा नदी में स्नान करने गए एक ही परिवार के 5 सदस्य डूब गए। एक का शव मिल गया है। एक महिला और एक बच्ची को बचा लिया गया है। जबकि 13 और 16 साल के दो बालकों की तलाश की जा रही है। हादसा दोपहर करीब 1 बजे बांद्राभान घाट पर हुआ है। मौके पर डीआईजी अरविंद सक्सेना समेत अन्य अधिकारी रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।
सेठानी घाट पर इस समय स्नान करने पर रोक है। इस कारण कुछ लोग बांद्राभान फोरलेन के पास नर्मदा नदी में स्नान करने पहुंच गए। यहां नदी का का बहाव काफी तेज रहता है। जिले के रायपुर गांव निवासी एक परिवार के 5 सदस्य भी अपने वाहन से दोपहर करीब 12 बजे स्नान करने पहुंचे। घाट पर स्नान करते वक्त सभी लोग गहरे पानी में चले गए। आदि (13) जब तेज बहाव में बहने लगा तो उसे बचाने आयुष (16) आगे बढ़ा और वह भी बह गया। इस बीच परिवार के अन्य सदस्यों ने दोनों बालकों को बहते देखा तो वे उन्हें बचाने के लिए तेज बहाव में गहरे पानी में चले गए और बह गए। पांच लोगों को बहता देख घाट पर चीख-पुकार मच गई।
घाट पर स्नान कर रहे अन्य ग्रामीणों ने कूदकर एक महिला वैशाली (40) और एक 13 साल की सिद्धी नाम की बच्ची को बाहर निकाला। थोड़ी दूर पर निमेश (35) का शव मिला। आयुष और आदि का अभी पता नहीं चल पाया है। जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ है वहां बहाव बहुत तेज है। इसलिए नर्मदा के सीमावर्ती गांवों को भी सूचना दे दी गई है।








