
रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को छत्तीसगढ़ में एक कार्यक्रम में एक वृद्ध महिला को अपने हाथों से चप्पलें पहनाईं और एक अन्य बुजुर्ग के कान में सुनने का यंत्र लगाया। मोदी ने छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के जांगला गांव में आयुष्मान भारत योजना के पहले चरण की शुरूआत की। उन्होंने इस मौके पर कहा कि यदि आज वह देश के प्रधानमंत्री हैं तो यह बाबा साहब की देन है। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने बीते चार साल में जो भी योजनाएं बनाई है गरीबों, शोषित, पीड़ित, वंचित, पिछड़े, महिलाओं और आदिवासियों को ताकत देने के लिए बनाई है।
PM @narendramodi shows yet again why he is a ‘Pradhan Sevak’ in the true sense! #PMInBastarpic.twitter.com/YHi4qMDvfR
— BJP (@BJP4India) April 14, 2018
उन्होंने कहा कि विश्वास है कि बाबा साहेब की जयंती पर यहां केंद्र सरकार और राज्य सरकार की जिन योजनाओं की शुरूआत हुई है वह भी विकास का कीर्तिमान बनाने में कामयाब होगी। मोदी ने कहा कि बाबा साहब आंबेडकर बहुत ही पढ़े-लिखे थे उच्च शिक्षित थे। अगर वह चाहते तब दुनिया के समृध्द देशों में शानदार सुख चैन की जिंदगी बिता सकते थे। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। विदेश की धरती पर पढ़ाई करके वह वापस आए। उन्होंने अपना जीवन पिछड़े समाज के लिए, वंचित समुदाय, दलित और आदिवासी समुदाय के लिए समर्पित किया।









