Saturday, May 16, 2026
Latest:
मध्यप्रदेश

नरसिंहपुर में 30 सेमी. बारिश, भोपाल, होशंगाबाद में अलर्ट

बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ा गहरा कम दबाव का क्षेत्र वर्तमान में उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे लगे पूर्वी मप्र पर बना हुआ है। मानसून द्रोणिका (ट्रफ) भी शिवपुरी से कम दबाव के क्षेत्र से होकर बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इन दो सिस्टम के कारण पूर्वी और पश्चिमी मप्र के अधिकांश इलाकों में बरसात हो रही है। इस क्रम में प्रदेश में सर्वाधिक 30 सेमी. बारिश नरसिंहपुर में हुई।

मौसम विज्ञानियों ने शनिवार को भोपाल, होशंगाबाद, ग्वालियर, चंबल संभाग में भारी वर्षा की चेतावनी दी है। इसके अलावा उज्जैन, देवास, बैतूल, नीमच, मंदसौर, रतलाम, शाजापुर, आगर, श्योपुरकला, शिवपुरी, भिंड में भी भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह 8ः30 बजे से शुक्रवार सुबह 8ः30 बजे तक नरसिंहपुर में 30, सिवनी में 9.8, मलाजखंड में 9.5, खजुराहो में 7.5, टीकमगढ़ में 6.8, मंडला में 6.1, जबलपुर में 5.9, होशंगाबाद में 5.4, सागर में 4.2, भोपाल, गुना में 3.8 सेमी. बरसात हुई। उधर, शुक्रवार को सुबह 8ः30 बजे से शाम 5ः30 बजे तक कई स्थानों पर झमाझम बारिश हुई।

इसके तहत छिंदवाड़ा में 9.5, मलाजखंड में 7.9, सिवनी में 7.8, बैतूल में 7.0, जबलपुर में 6.1, नरसिंहपुर में 5.3, पचमढ़ी में 4.8, मंडला में 3.4, जबलपुर में 1.6 और भोपाल में 1.2 सेमी. बारिश हुई।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि लगातार नमी मिलने से गहरे कम दबाव के क्षेत्र को लगातार ऊर्जा मिल रही है। इस वजह से उसके आगे बढ़ने की रफ्तार फिलहाल काफी कम है। इस सिस्टम के असर से राजधानी भोपाल सहित होशंगाबाद, राजगढ़, ग्वालियर, चंबल, सागर, गुना, शिवपुरी, दतिया में झमाझम बरसात होने के आसार हैं। बारिश का सिलसिला अलग-अलग क्षेत्रों में 2-3 दिन तक चल सकता है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम