Corona कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए उठाए गए तमाम कदमों और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार का असर दिखने लगा है। देश में इस महामारी से हालात में तेजी से सुधार नजर आने लगा है। रोजाना सामने आने वाले नए मामलों में बड़ी कमी आ रही है और ठीक होने वाले मरीजों की तादाद बढ़ रही है। पिछले 10 दिनों से प्रतिदिन मरने वालों की संख्या भी हजार के कम बनी हुई है। भारत दुनिया के उन चंद देशों में शामिल है जहां प्रति 10 लाख आबादी पर संक्रमितों और मृतकों की संख्या सबसे कम है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले पांच हफ्तों से प्रतिदिन औसत नए मामलों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सितंबर के दूसरे हफ्ते में औसत दैनिक नए मामलों की संख्या 92,830 थी और जो अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में घटकर 70,114 पर आ गई है।
मंत्रालय की तरफ से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान 55,342 नए केस मिले हैं और कुल संक्रमितों की संख्या 71.75 लाख हो गई है। इस दौरान 706 और लोगों की मौत भी हुई है और मृतकों का आंकड़ा 1.09 लाख पर पहुंच गया है। 77,760 और मरीज ठीक हुए हैं। इनको मिलाकर अब तक ठीक हो चुके मरीजों की संख्या भी बढ़कर 62.27 लाख हो गई है। मरीजों के उबरने की दर 86.78 फीसद हो गई है, जबकि मृत्युदर 1.53 फीसद है। सक्रिय मामले 8.38 लाख हैं जो कुल मामलों का 11.69 प्रतिशत है।
वहीं, पीटीआइ की तरफ से रात नौ बजे जारी टैली के मुताबिक सोमवार देर रात से अब तक 63,792 नए मामले मिले हैं, 73,806 मरीज ठीक हुए हैं और 743 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 72.28 लाख, ठीक हुए लोगों का आंकड़ा 62.89 लाख और मरने वालों की संख्या 1इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 72.28 लाख, ठीक हुए लोगों का आंकड़ा 62.89 लाख और मरने वालों की संख्या 1.10 लाख हो गई है। .10 लाख हो गई है। 743 मृतकों में सबसे अधिक महाराष्ट्र में 187, कर्नाटक में 87, बंगाल में 62, तमिलनाडु में 57, दिल्ली में 45, आंध्र प्रदेश में 35 और केरल में 21 मौतें शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक प्रति 10 लाख आबादी पर संक्रमितों का वैश्विक औसत 4,794 है। भारत में यह संख्या 5,199 है, वैश्विक औसत से तो कुछ ज्यादा जरूर है, लेकिन दुनिया के अन्य देशों की तुलना में यह बहुत कम है। ब्रिटेन में 8,893, रूस में 8,992, दक्षिण अफ्रीका में 11,675, अमेरिका में 23,072 और ब्राजील में यह संख्या 23,911 है। इसी तरह प्रति 10 लाख आबादी पर कोरोना से मौत का वैश्विक आंकड़ा 138 है, इसकी तुलना में भारत में यह संख्या 79 है। जबकि, कोरोना संक्रमण के लिए होने वाली जांच के मामले में भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों में शामिल हैं, जहां सबसे ज्यादा टेस्ट हो रहे हैं।

