Wednesday, April 15, 2026
Latest:
Latest

देश में टीकाकरण मुहिम से जुड़ेंगे उच्च शिक्षण संस्थान, शहरों और गांवों में लोगों को करेंगे जागरूक

नई दिल्ली। देशभर में शनिवार से कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरआत हो रही है। इस अभियान से सफाईकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों सहित सभी जररूतमंद लोगों को जोड़ना भी बड़ी चुनौती है।

इस चुनौती से निपटने के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों को जोड़ने का फैसला किया गया है। इन शिक्षण संस्थानों के जरिये टीकाकरण को लेकर देशभर में जागरूकता की मुहिम चलाई जाएगी। साथ ही जरूरतमंद लोगों को पहचानने और टीकाकरण से जोड़ने में भी शिक्षण संस्थान मदद करेंगे।

देशभर के विश्वविद्यालयों व अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों को टीकाकरण से जोड़ने का यह फैसला स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुरोध के बाद लिया गया है। शिक्षा मंत्रालय और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ([यूजीसी)] ने सभी विश्वविद्यालयों और कालेजों को पत्र लिखकर टीकाकरण सफल बनाने में योगदान के लिए कहा है। देशभर में करीब एक हजार विश्वविद्यालय और 40 हजार से ज्यादा कॉलेज हैं। इनके जु़़डने से टीकाकरण को तेज करने में मदद मिलेगी।

यूजीसी के मुताबिक, उच्च शिक्षण संस्थान अपने आसपास के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीन को लेकर जागरूकता अभियान चलाएंगे। शिक्षण संस्थान इस संबंध में ऑनलाइन चर्चा का भी आयोजन करेंगे। कोरोना वैक्सीन को लेकर लोगों में भ्रम फैलाने की कोशिशों के बीच उच्च शिक्षण संस्थानों और उनके पढे-लिखे छात्रों के इस मुहिम से जुड़ने से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। स्वास्थ्य मंत्रालय ने उच्च शिक्षण संस्थानों को वैक्सीन और उससे जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराने की बात कही है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम