देश में लगातार घट रही टेस्टिंग; जनवरी में हर दिन औसतन 7 लाख लोगों की जांच हुई

Corona देश में वैक्सीनेशन ड्राइव शुरूआत होते ही कोरोना की टेस्टिंग सरकार ने घटा दी है। इसमें लगातार गिरावट हो रही है। जनवरी के इन 17 दिनों में एक बार भी हर दिन होने वाली टेस्टिंग की संख्या 10 लाख के पार नहीं हुई है। फिलहाल हर दिन औसतन 7 लाख लोगों की जांच हो रही है। दिसंबर तक ये आंकड़ा औसतन 11 लाख था।

देश में अब तक 1.05 करोड़ केस
देश में सोमवार को 6381 नए केस मिले। 9601 लोग रिकवर हुए और 72 की मौत हो गई। अब तक 1 करोड़ 5 लाख 79 हजार से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। अच्छी बात ये है कि इनमें 1 करोड़ 2 लाख 20 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 52 हजार 528 हो गई है।

कोरोना अपडेट्स

  • सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) ने सोमवार को केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद को पत्र लिखकर वैक्सीनेशन में जजों, अधिवक्ताओं और ज्यूडिशियल स्टाफ को प्राथमिकता देने की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा कि इससे कोर्ट का कामकाज जल्दी नॉर्मल हो सकेगा।
  • पंजाब सरकार ने 21 जनवरी से राज्य के सभी पब्लिक और प्राइवेट यूनिवर्सिटी खोलने का फैसला लिया है। इसके लिए आदेश जारी कर दिया गया है। सभी यूनिवर्सिटी को कोविड-19 नियमों का पालन करना होगा। फेस मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग जरूरी है।
  • दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के तीन दिन पूरे हो चुके हैं। इसके तहत देश में कुल 3.81 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया है। हेल्थ मिनिस्ट्री के एडिशनल सेक्रेटरी मनोहर अगनानी ने बताया कि सोमवार शाम 5 बजे तक 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 1,48,266 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि देश भर में एडवर्स इवेंट फॉलोइंग इम्युनिजेशन (AEFI) के 580 मामले रिपोर्ट किए गए। इनमें से सिर्फ सात को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इनमें तीन दिल्ली, दो कर्नाटक और उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ में एक-एक मामले शामिल हैं। अब तक कोई गंभीर साइड इफेक्ट सामने नहीं आया।
  • केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ मीटिंग भी की और अभियान का रिव्यू किया। इस दौरान वैक्सीनेशन ड्राइव की प्रोग्रेस, आने वाली रुकावटों और उनमें सुधार के तरीकों पर विचार किया गया। हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, राज्यों को हफ्ते में 4 दिन ही वैक्सीनेशन करने को कहा गया है, ताकि रूटीन हेल्थ सर्विस में कोई बाधा न पहुंचे। कुछ राज्यों ने 4 दिनों का शेड्यूल भी जारी कर दिया है।
Exit mobile version