डोनाल्ड ट्रंप ने H-1B वीजा पर लगाई पाबंदी

वाशिंगटन। यूएस प्रेसीडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने H-1B सहित दूसरे फॉरेन वर्क वीजा को इस साल के अंत तक के लिए निलंबित करने की घोषणा की है।

बता दें कि H-1B वीजा भारतीय आईटी प्रोफेशनल्स के बीच काफी लोकप्रिय है। ये एलान करते हुए प्रेसीडेंट ट्रंप ने कहा कि वर्तमान आर्थिक संकट के दौर में अपनी रोजी-रोटी गवां चुके अमेरिकनों की सहायता के लिए H-1B और दूसरे वीजा को साल के अंत तक के लिए सस्पेंड करना जरूरी हो गया था।
मौजूदा वीजाधारकों पर इसका असर नहीं पड़ेगा।
बता दें कि अमेरिका में नवंबर में राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में अपनी चुनावी मजबूरी के चलते प्रेसीडेंट ट्रंप ने विभिन्न कारोबारी संगठनों, कानून विदों और मानवाधिकार संगठनों की मांग की उपेक्षा करते हुए ये एलान किया है।
ट्रंप की इस घोषणा की वजह से दुनिया भर के 2.4 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित होंगे। कोरोना महामारी के चलते नौकरियां गंवा चुके लाखों अमेरिकी लोगों की मदद के लिए यह कदम उठाया गया है और इसका सबसे ज्यादा नुकसान भारत के आईटी प्रोफेशनल्स को होगा।
अमेरिका में काम करने के लिए H-1B वीजा पाने वाले सबसे ज्यादा आईटी प्रोफेशनल्स भारतीय होते हैं। यह आदेश 24 जून से लागू होगा। इसका असर कई भारतीय प्रोफेशनल्स के साथ ही कई अमेरिकी और भारतीय कंपनियों को प्रभावित करेंगी, जिन्हें 1 अक्टूबर से शुरू होने वाले वित्तीय वर्ष 2021 के लिए अमेरिकी सरकार द्वारा H-1B वीजा जारी किए गए थे।








