ट्रेन में बिना टिकट सफर कर रहे कुत्ते पर रेलवे ने ठोका 2250 का जुर्माना

ग्वालियर। ट्रेन और बस में बिना टिकट यात्रा करते पकड़े जाते हुए लोगों को आपने देखा होगा। मगर उत्तर प्रदेश के आगरा में रेलवे अधिकारियों ने एक कुत्ते को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा है।
शनिवार को निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से हैदराबाद जा रही दक्षिण एक्सप्रेस जब आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचीं, तो ट्रेन के जनरल कोच में एक कुत्ते को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा और उस पर 2250 रुपये का जुर्माना ठोक दिया।
दरअसल आगरा कैंट पर रुटीन चेकिंग के दौरान टीटी जब इस ट्रेन की जनरल बोगी में चढ़ा तो उसकी नजर इस कुत्ते पर पड़ गई। पूछताछ में पता चला कि इस कुत्ते को चंदन नाम का एक आदमी हैदराबाद ले जा रहा है। युवक के पास तो टिकट थी, मगर उसने कु्ते की टिकट नहीं ली थी। बिना टिकट सफर करने के चक्कर में टीटी ने कुत्ते को ट्रेन से उतार दिया और जीआरपी के हवाले कर दिया।
पुलिस ने बताया कि कुत्ता ले जा रहा चंदन हैदराबाद का है। पूछताछ में उसने बताया कि कुत्ता हैदराबाद के एक बड़े अधिकारी का है और वो उसे अपने मालिक के पास ले जा रहा था। कुत्ते को लेकर काफी देर तक जीआरपी थाने में हंगामा होता रहा। बाद में आगरा कैंट से हैदराबाद जाने वाली एपी एक्सप्रेस में कुत्ते को पार्सल कर रवाना कर दिया गया।








