ट्रांसपोर्ट कारोबारी के यहां 13 लाख की सनसनी खेज लूट

कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र की झिंझरी पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर स्थित शिवा फार्चुन सिटी निवासी ट्रांसपोर्ट कर्मचारी के घर कल गुरूवार की देरशाम हुई लगभग 13 लाख रूपए की लूटपाट के मामले में पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी तो दूर अब तक उनका सुराग तक नहीं लगा पाई है। उधर शिवा फार्चुन सिटी में हुई इस वारदात के बाद से ही यहां निवास करने वाले लोग भय व दहशत में हैं। पुलिस पीड़ित से पूछताछ के बाद हुलिए के आधार पर आरोपियों को तलाश रही है।
इस संबंध में माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि जोधपुर राजस्थान निवासी &6 वर्षीय प्रेमराज विश्नोई पिता मुकनाराम विश्नोई माधवनगर गेट के समीप स्थित महावीर लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट कंपनी का कर्मचारी है तथा झिंझरी स्थित शिवा फॉर्चुन टावर कालोनी के फ्लैट नंबर 504 में अपने सहकर्मी दिनेश पटेल के साथ रहता है।
बताया जाता है कि कल देरशाम लगभग साढ़े दस बजे प्रेमराज व दिनेश पटेल जैसे ही घर पहुंचे वैसे ही उसके ठीक पीछे-पीछे कुछ अज्ञात बदमाश घातक हथियारों के साथ घर में घुस गए। बदमाशों ने प्रेमराज व दिनेश को हथियारों की दम पर शांत कराया और उनके हाथ रस्सी से बांध दिए। इसके बाद प्रेमराज के पास से कारोबार के लगभग 1& लाख रूपए लेकर चंपत हो गए। बदमाशों के भागते ही प्रेमराज व दिनेश ने शोर मचाया तो आसपास पड़ोस के लोग मदद के लिए दौड़े और रस्सी से बंधे प्रेमराज व दिनेश को मुक्त कराया। इसके बाद घर में वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा, माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे, झिंझरी पुलिस चौकी प्रभारी प्रीती पांडे पुलिस बल व खोजी कुत्ते के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने खोजी कुत्ते के साथ मौका मुआयना किया तथा प्रेमराज व दिनेश से पूछताछ की। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध धारा 450, &94 के तहत मामला दर्ज किया है और प्रेमराज के बताए हुलिए के अनुसार आरोपियों की तलाश कर रही है।
सिटी में गार्ड व अन्य सुरक्षा इंतजाम नहीं
शिवा फॉर्चुन टावर सिटी में बड़ी संख्या में अलग-अलग लोग रह रहे हैं। यहां रह रहे लोगों ने बताया कि टावर के मालिक को कई बार यहां गार्ड और सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए कहा गया लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। जिसका खामियाजा अब पुलिस को इस मामले की जांच में भुगतना पड़ेगा। पुलिस का कहना है कि कम से कम सिटी में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए होते तो उसकी मदद से आरोपियों तक पहुंचने में आसानी होती।
पांचवी मंजिल पर हुई वारदात
शिवा फॉर्चुन सिटी में की बहुमंजिला इमारत की पांचवी मंजिल पर प्रेमराज व दिनेश रहते हैं। बदमाशों ने पांचवी मंजिल पर जाकर वारदात को अंजाम दिया है। वारदात को अंजाम देने चार बदमाश ही घर में घुसे थे। जिससे यह संभावना व्यक्त की जा रही है कि बदमाश रैकी करते हुए सिटी तक पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया। मामले में आरोपियों की संख्या बढ़ भी सकती है।








