katniLatest

जीवनरक्षक प्रणाली के साथ पूज्य दद्दा जी के उपचार में जुटी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम

स्वास्थ की जानकारी लेने सीएम की पत्नी साधना सिंह, कैलाश विजयवर्गीय, गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह समेत दर्जनभर से ज्यादा विधायक पहुंचे कटनी

दर्शनों के लिए लगी कतार, कराया जा रहा सोशल डिस्टेसिंग का पालन

कटनी। गृहस्थ संत पंडित देवप्रभाकर शास्त्री दद्दाजी के अस्वस्थ होने की खबर लगते ही देशभर में मौजूद उनके लाखों शिष्य और अनुयायी चिंतित हो गए हैं। आज से ही कटनी स्थित दद्दाधाम में बड़ी संख्या में शिष्य उनके दर्शनों के लिए पहुंचने लगे हैं। दद्दा जी का स्वास्थ्य खराब होने के बाद उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली वेंटिलेटर पर रखा गया है। दद्दाधाम स्थित निवास पर चिकित्सा विशेषज्ञों की देखरेख में उनका गहन उपचार किया जा रहा है। कल रात ही उन्हें दिल्ली से एयर एम्बुलेंस से जबलपुर और फिर एम्बुलेंस से कटनी लाया गया। दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। चिकित्सकों के मुताबिक फेफेड़ों और किडनी में इन्फेक्शन हो गया है, जिसकी वजह से उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। शिष्यों द्वारा उनके दर्शन करने के साथ ही परमपिता परमेश्वर से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की जा रही है। कलेक्टर व एसपी ने रात में ही पहुंचकर दद्दाधाम में किये जाने वाले सारे इंतजाम देखे।

एक दर्जन विधायक पहुंचे, रात से ही आने लगे थे शिष्य
गृहस्थ संत दद्दा जी के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने के बाद उनके दर्शन के लिए शहर और गृहग्राम कूड़ा सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में शिष्यों का शनिवार की रात से ही आगमन शुरू हो गया था। रात करीब साढ़े 10 बजे दद्दा जी के झिंझरी स्थित देवप्रभाकर नगर दद्दाधाम पहुंचने के बाद से शिष्य उनके दर्शन करना चाहते थे लेकिन रात में पूज्य गुरूदेव को चिकित्सकों की देखरेख में उनके निवास पर रखा गया और आज सुबह 10 बजे से शिष्यों को उनके दर्शन की अनुमति दी गई। शिष्यों को कतारबद्ध करवाकर दद्दा जी के दर्शन करवाए जा रहे हैं।

bhoopendra singhkailash vijaywargiyarajpal yadav

आशुतोष राणा, संजय पाठक, राजपाल यादव सहित शिष्य मंडल के अन्य लोग तमाम व्यवस्थाओं में लगातार जुटे हुये हैं। इस दौरान लाउडस्पीकरों के जरिए शिष्यों से सोशल डिस्टेंस का भी पालन करने के लिए कहा जा रहा है। निवास के बाहर शिष्यों से सोशल डिस्टेंस का पालन कराने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। खबर लगते ही भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री एवं विधायक भूपेंद्र सिंह, बड़ा मलहरा विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी, छतरपुर विधायक आलोक चतुर्वेदी, महाराजपुर विधायक नीरज दीक्षित, विजावर विधायक राजेश शुक्ला, मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी, चंदेरी विधायक डग्गीराजा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री विनोद गोटिया, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी भी पूज्य दद्दा जी के स्वास्थ्य की जानकारी लेने आज दोपहर कटनी पहुंचे।

daddaji devprabhakar shastr
वृद्धाश्रम में की गई रूकने की व्यवस्था
पूज्य गुरूदेव के दर्शन के लिए बाहर से आने वाले शिष्यों के ठहरने की व्यवस्था दद्दाधाम स्थित वृद्धाश्रम में की गई है। इस दौरान दद्दा शिष्य मंडल द्वारा लगातार शिष्यों को इस बात की जानकारी दी ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से दी जा रही थी। विदित हो कि पूज्य गुरूदेव की इच्छानुरूप ही देवप्रभाकर नगर में वृद्धाश्रम का निर्माण करवाया गया है, जो कि लगभग पूर्ण हो गया है। यहां शिष्यों के ठहरने के साथ ही प्रसाद की भी व्यवस्था की गई है। गर्मी के मौसम को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही है

 

साधना सिंह पहुंची, सीएम ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह आज दोपहर गृहस्थ संत पंडित देवप्रभाकर शास्त्री दद्दा जी के स्वास्थ की जानकारी लेने कटनी पहुंची। कोरोना संकट के बीच व्यवस्तता के चलते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने पत्नी साधना सिंह को कटनी भेजने के साथ ही अपने ट्विटर मैसेज में दद्दा जी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। सीएम ने अपने ट्विटर हेंडल पर कहा कि पूजनीय दद्दा जी के अस्वस्थ होने का समाचार मिला है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हंू कि उन्हें शीघ्र स्वस्थ करे और ऐसी कृपा करें कि चिरकाल तक दद्दा जी आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे।

पुलिस बल तैनात, की जा रही आवश्यक व्यवस्थाएं
झिंझरी स्थित देवप्रभाकर नगर में पूज्य गुरूदेव के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में शिष्यों का आगमन हो रहा है। जो कि लगातार जारी है। जैसे-जैसे शिष्यों को दद्दा जी के अस्वस्थ होने की सूचना मिलती जा रही है, वैसे-वैसे शिष्य कटनी पहुंच रहे हैं। इनमे महिलाएं भी शामिल है। बताया जाता है कि दद्दाधाम में आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए बड़ी तादात में पुलिस बल तैनात किया गया है। माधवनगर टीआई संजय दुबे ने स्वयं व्यवस्थाओं की कमान संभाल रखी है। उनके साथ उपनिरीक्षक सी के तिवारी, झिंझरी पुलिस चौकी प्रभारी प्रीति पांडे सहित माधवनगर पुलिस बल कल रात से ही यहां पर तैनात किया गया है। वाहनों की पार्किंग के साथ ही बाहर से आने वाले लोगों से सोशल डिस्टेसिंग का पालन करवाने के लिए पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है।

 

IMG 20200315 WA0057
विधायक ने सोशल मीडिया की खबरों को बताया निराधार
सोशल मीडिया पर पूज्य गुरूदेव को लेकर चल रही खबरों को विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने निराधार बताया। विदित हो कि शाम को जैसे ही दद्दा जी के अस्वस्थ होने की खबर मिली, वैसे ही सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य को लेकर अप्रिय खबरें चलने लगी, जिसकी जानकारी मिलने के बाद विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी करते हुए कहा कि पूज्य गुरुदेव दद्दाजी के विषय में सोशल मीडिया में जो दुखद समाचार चलाया जा रहा है, वह पूर्णतः असत्य है। अभी परम पूज्य गुरुदेव वेंटिलेटर सपोर्ट पर है और उनका आशीर्वाद हम सभी पर बना हुआ है। मैं स्वयं पूज्य गुरुदेव को एयर एम्बुलेंस में कटनी लेकर आ रहा हंू। आप सभी ईश्वर से प्रार्थना करें कि कटनी पहुंचते ही पूज्य गुरुदेव दद्दाजी स्वस्थ हो जाएं।

Back to top button