FEATUREDLatest

पुल से गिरा मिनी ट्रक,25 लोगों के मरने की आशंका, अब तक 20 शव निकाले गए

सीधी। जिले में मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 20 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अमिलिया बहरी थाने के बीच सोन नदी जोगदहा पुल पर यह हादसा हुआ। हादसे में मृतकों की संख्‍या बढ़ सकती है। मृतकों की संख्‍या की अधिकारिक जानकारी अभी नहीं मिल सकी है।

बताया जाता है कि रात 9:30 बजे देवसर के हर्राबिजी गांव के मुजबब्बील खान की बारात सिहावल के पमरिया गांव जा रही थी । तभी अचानक टाटा 709 एमपी 53 जीए 0841 सोन नदी पुल से डिवाइडर को तोड़ते हुए 100 फीट नीचे नदी में पत्थर से टकरा गया।

इसमें लगभग 20 लोगों की तत्काल मौत की सूचना मिली है । इस दुर्घटना में 30 से अधिक लोगों के बुरी तरह घायल होने की जानकारी मिल रही है। दोनों थानों की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई है।

sidhi accident1

सीधी पुलिस अधीक्षक मनोज श्रीवास्तव के अनुसार सूचना मिलने पर तत्काल सीधी से सहायता के लिए जरूरी संसाधन भेजा गया। घटना स्थल पर बहरी थाना प्रभारी विशाल शर्मा और अमिलिया के नवागत थाना प्रभारी दीपक सिंह बघेल भी अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर मौजूद हैं।

घायलों को सीधी जिला अस्पताल भेजा गया है। बचाव कार्य अभी जारी है। रात होने की वजह से सहायता राहत कार्य में परेशानी हो रही है। घटना से लगता है मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। इसी क्षेत्र में कुछ साल पहले भी इसी तरह का भीषण हादसा हुआ था।

Leave a Reply

Back to top button