FEATUREDLatest

जयपुर में तैयार होगी आतंकियों से निपटने के लिए ‘स्पेशल पुलिस फोर्स’

जयपुर। विभिन्न राज्यों के पुलिसकर्मी आतंकियों से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण राजस्थान के जयपुर में लेंगे। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय और राजस्थान सरकार मिलकर जयपुर में ‘एंटी टेररिस्ट’ प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना करेगी। इस केंद्र में विभिन्न राज्यों के पुलिसकर्मियों को आतंकियों से निपटने के लिए बीएसएफ के जवानों की तरह प्रशिक्षित किया जाएगा। इस केंद्र से प्रशिक्षित जवानों की प्रत्येक राज्य में स्पेशल पुलिस फोर्स बनेगी।

राजस्थान के गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया ने बताया कि सामान्य तौर पर पुलिसिग का प्रशिक्षण लेने वाले पुलिसकर्मी एंटी टेररिस्ट अभियानों के दौरान कठिनाई महसूस करते हैं। यह कठिनाई सभी राज्यों के पुलिसकर्मियों को होती है। इसी को देखते हुए तय किया गया कि जयपुर में अखिल भारतीय स्तर का ‘एंटी टेररिस्ट ‘प्रशिक्षण केंद्र बनाकर देशभर के ऐसे पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाए, जिनकी एंटी टेररिस्ट अभियानों के दौरान तैनाती की जाती है।

कटारिया ने बताया कि जयपुर में बनने वाले एंटी टेररिस्ट प्रशिक्षण केंद्र के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 275 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। इसमें से 161 करोड़ गृह मंत्रालय और शेष 114 करोड़ राजस्थान सरकार वहन करेगी ।

कटारिया ने बताया कि राजस्थान के सभी पुलिस थानों में साइबर क्राइम सेल में एक्सपर्ट एक-एक पुलिसकर्मी की तैनातगी होगी, जिससे साइबर क्राइम पर कंट्रोल करने में थोड़ी सुविधा हो सकेगी । शनिवार को एंटी टेररिस्ट प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना और पुलिस थानों में साइबर एक्सपर्ट पुलिसर्किमयों की तैनाती को लेकर कटारिया ने अधिकारियों के साथ चर्चा की।

Leave a Reply

Back to top button