जब सिंधिया ने प्रीति जिंटा को दी नसीहत

scindia preity12 13 05 2018 1

इंदौर। सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार को होलकर स्टेडियम में किंग्स इलेवन पंजाब की मालकिन प्रीति जिंटा को क्रिकेट की नसीहत देते नजर आए। एमपीसीए के पूर्व प्रमुख ज्योतिरादित्य खुद क्रिकेट के बड़े प्रशंसक हैं।

शनिवार को होलकर स्टेडियम में आईपीएल-11 के मैच में जब कोलकाता नाइटराइडर्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को हराया तो वे भी दर्शकों के बीच बैठकर मैच देख रहे थे। पुरस्कार वितरण के दौरान उन्होंने प्रीति को आवाज देकर बुलाया और कहा- आपकी टीम को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना थी। इस पर प्रीति ने कहा- टॉस जीतकर क्या करना है यह हमारी प्लानिंग टीम तय करती है। सिंधिया ने कहा- मगर मैं होता तो ऐसी स्थिति में पहले बल्लेबाजी करना पसंद करता। शायद सिंधिया के अंदर का क्रिकेट प्रशंसक प्रीति के जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ। पुरस्कार वितरण के बाद वापस लौटते समय सिंधिया किंग्स इलेवन के गेंदबाजी कोच वेंकटेश प्रसाद से भी मिले और उन्हें भी कहा कि आपको यहां पहले बल्लेबाजी करना चाहिए था।

-7 साल में पहली बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम हारी : कोलकाता नाइटराइडर्स ने पहले खेलते हुए 6 विकेट पर 245 रन बनाए। जवाब में किंग्स इलेवन पंजाब टीम 8 विकेट पर 214 रन ही बना सकी। पहला मौका है जब होलकर स्टेडियम में आईपीएल मैच में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने मैच जीता है। इससे पहले यहां हुए सभी 7 मैचों में लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम ने ही मैच जीते हैं। यहां आईपीएल का पहला मैच 2011 में हुआ था।

– 245/6 : कोलकाता नाइटराइडर्स ने बनाए किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ होलकर स्टेडियम में, जो इस स्टेडियम का सर्वोच्च स्कोर है। इस मैदान पर सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस के नाम था, जिसने पिछले साल पंजाब के ही खिलाफ 199/2 बनाए थे।