
आशीष शुक्ला…
Jabalpur स्पॉट फाइन के रूप में दुकानदारों के ऊपर लगाया 26 हजार 5 सौ 40 रूपये का जुर्माना
जबलपुर । नगर निगम द्वारा गठित टीम के सदस्यों ने आज शहरी क्षेत्र के अलग-अलग बाजारों में जाकर दविश दी गई और बड़े दुकानदारों के विरूद्ध कार्रवाई की गयी।
कार्रवाई के दौरान टीम के सदस्यों ने पाया कि दुकानों में काफी भीड़ थी और कई लोग बिना मास्क लगाए दुकानदारों से सामग्री क्रय कर रहे थे और दुकानदार उन्हें सामग्री बेच रहे थे, जिसके कारण मौके पर ही ग्राहकों एवं दुकानदारों के विरूद्ध चालानी कार्रवाई कर स्पॉट फाइन के रूप में जुर्माना लगाकर जुर्माने की राशि वसूल की गई।
यह कार्रवाई नगर निगम के प्रशासक बी. चन्द्रशेखर, कलेक्टर कर्मवीर शर्मा एवं निगमायुक्त अनूप कुमार सिंह के निर्देशानुसार किया गया। स्वास्थ्य अधिकारी भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने तथा कोविड-19 के संक्रमण से बचने शासन द्वारा प्रेषित मार्गदर्शिका का पालन कराने के लिए प्रतिदिन शहर भर में कार्यवाही की जा रही है।
इस दौरान टीम के सदस्यों द्वारा मास्क न लगाने वाले नागरिकों, एवं दुकानदारों के विरूद्ध चालानी कार्यवाही की जा रही है, इसके साथ-साथ सोशल एवं फिजिकल डिस्टेंस बनाकर ही व्यापार करने की समझाइश भी दी जा रही है।
यदि समझाइश देने के उपरांत भी नागरिकों एवं दुकानदारों के द्वारा नियमों का उल्लंघन किया जाता है तो उन परिस्थितियों में उनके विरूद्ध भी चालानी कार्यवाही कर उनसे स्पॉट फाइन की राशि वसूली जा रही है।
इसी कड़ी में आज शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की गयी और 106 दुकानदारों के विरूद्ध चालानी कार्यवाही करते हुए 26 हजार 5 सौ 40 रूपये की राशि स्पॉट फाइन के रूप में वसूल की गयी। इस दौरान नगर निगम के टीम के सदस्यों ने चालान के साथ-साथ मास्क भी बॉंटे और सभी को समझाइश दी कि बिना मास्क लगाये न आवागमन करें और न ही दुकानों में बैठकर व्यापार।
टीम के सदस्यों ने कोरोना संक्रमण के घातक परिणामों के बारे में भी बताया और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ साथ मास्क लगाने के फायदे को बतलाया।
उन्होंने बताया कि अमखेरा रोड में कचरा गंदगी करने वालों पर चलानी कार्यवाही की गई एवं कचरा साफ करवाया गया रोड के किनारे बिल्डिंग मटेरियल रखने पर भी चलानी कार्यवाही की गई इसी प्रकार संभाग क्रमांक 15 के अंतर्गत कचरा गंदगी बिल्डिंग मटेरियल एवं बिना लाइसेंस के दुकान चला रहे दुकानदारों के खिलाफ चलानी कार्रवाई की गई।
निगमायुक्त अनूप कुमार सिंह ने बताया कि उपरोक्त कार्रवाई के अलावा यातायात अवरूद्ध करने वाले लोगों के विरूद्ध भी निरंतर कार्यवाही की जा रही है। इसके साथ साथ सड़कों पर भवन सामग्री रखकर सड़कों की स्थिति अव्यवस्थित करने वालों के विरूद्ध भी जुर्माना लगाने की कार्यवाही की जा रही है। कार्यवाही के दौरान संभाग के संभागीय अधिकारी, संभागीय यंत्री, स्वच्छता निरीक्षक, वार्ड सुपरवाईजर्स आदि उपस्थित रहे।








