जबलपुर, कटनी सहित 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
भोपाल। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें होशंगाबाद, बैतूल, हरदा, आगर, शाजापुर, खंडवा, विदिशा, अशोकनगर, कटनी, उमरिया, डिंडोरी, मंडला, दमोह, सागर जिले शामिल हैं।
वहीं भोपाल, जबलपुर, होशंगाबाद संभागों के जिलों में तथा सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह, उज्जैन, देवास, शाजापुर, खंडवा और अशोकनगर जिले में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है। पिछले 24 घंटो के अंदर प्रदेश के शहडोल संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर, रीवा, सागर, जबलपुर, इंदौर संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर तथा बाकी संभागों में कहीं-कहीं वर्षा हुई।
मध्य प्रदेश में बारिश के आंकड़े
गौतमपुरा, मुलताई में 7सेंटीमीटर, सिवनी में 4, भोपाल शहर, बिछुआ, पाली, उमरिया, बुढ़ार, माडा, बीना, रीठी और चौराई में 3 सेंटीमीटर, केवलारी, गुनौर, मोहखेड़ा, लखनादौन, पटेरा, शाहपुरा, सिंगरौली, गोपहरु, प्रभात पट्टन, बरेली और अमला में 2 सेंटीमीटर बारिश हुई है।
जबलपुर में हुई बारिश से लोगों को मिली राहत
पिछले कुछ दिनों से जबलपुर में बारिश नहीं होने और बादल छाए रहने की वजह से उमस और गर्मी से लोग बेहाल थे। लेकिन शुक्रवार सुबह हुई बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। पानी की बूंदों ने जबलपुरवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत दी। इंदौर और आस-पास के इलाकों में भी बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार 29 जून के बाद पूरे प्रदेश में जमकर बारिश का दौर शुरू होगा।








