छात्र संघ चुनाव-नामांकन फार्म रिजेक्ट होने पर हंगामा
कटनी। छात्र संघ चुनाव में आज जिले की सभी सरकारी कालेजों में कक्षा प्रतिनिधियों के नामांकन भरे गये। दोनों प्रमुख छात्र संगठन अभाविप और एनएसयूआई पदाधिकारी कल रात और आज सुबह से ही सक्रिय हो गये थे।

नामांकन फार्म लेने और उन्हे जमा करने में छात्र संगठनों को नियमों के पालन करने में भारी मसक्कत का सामना भी करना पड़ा। पहले तो प्रत्याशियों की खोज चली और आज नामांकन जमा कराने में पसीने छूटे। बहराहाल समाचार लिखे जाने तक तिलक कालेज में 36 कक्षा प्रतिनिधियों ने नामांकन भरे। इनकी स्कूटनी चल रही थी जिसके बाद तय होगा कि कौन कौन सीआर बनने चुनाव में शामिल होगा। इसी तरह 32 कक्षा प्रतिनिधियों ने चुनाव में उतरने के लिए महिला महाविद्यालय में नामांकन भरे। इन सभी के साथ छात्र संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद थे। महिला कालेज में कुछ नामांकन निरस्त होने के कारण देर तक हंगामा मचा रहा। सांय स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
अपने अपने दावे
छात्र संगठन एबीव्हीपी और एनएसयूआई कक्षा प्रतिनिधियों के इन चुनावों में अपने अपने दावे कर रही है। एबीव्हीपी जहां कक्षा प्रतिनिधियों के चुने जाने को लेकर आफी आश्वस्त है तो वहीं एनएसयूआई भी इन्ही सीआर के भरोसे कालेज में अपनी पूरी पैनल लाने के लिए जोर लगा रही है। वैसे पिछले रिकार्ड पर ध्यान दें तो तिलक कालेज में एनएसयूआई आगे रही जबकि अभाविप ने महिला कालेज में कभी भी एलएसयूआई को सेंध मारी नहीं करने दी। इस बार परिणाम क्या होते हैं यह देखने लायक होगा, अलबत्ता दोनों ही छात्र संगठन अपने अपने दावे कर रहे हैं।
राजनीतिक दल भी सक्रिय
चुनावों को लेकर राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस भी सक्रिय हो गई हैं। दो दिन पहले तिलक कालेज में विवाद के बाद अब दोनों की प्रमुख राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने अपने अपने लोगों को चुनाव में लगा दिया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने पुलिस बल कालेजों के बाहर तैनात किया गया है।
नामांकन फार्म रिजेक्ट होने पर भड़के छात्र संघ

महिला महाविद्यालय में आज उस समय हंगामा मच गया जब यहां करीब तीन दर्जन कक्षा प्रतिनिधियों के फार्म स्कूटनी में रिजेक्टर कर दिये गये। इसमें आम आदमी पार्टी के छात्र संगठन तथा एनएसयूआई के छात्र संघ के समर्थित प्रत्याशी अधिक थे। कालेज प्रशासन की मांनें तो फार्म में तय समय सीमा का पालन नहीं किया गया था। जिसके कारण फार्म रिजेक्ट किये गये गौरतलब है कि फार्म लेने का समय सुबह साढ़े 8 बजे नियत था और इसे 11 बजे तक ही जमा किया जा सकता था। बहरहाल फार्म रिजेक्ट होने के कारण यहां समाचार लिखे जाने तक जबर्दस्त हंगामा मचा रहा। एनएसयूआई और आप पार्टी के कार्यकर्ता महिला कालेज के पूरे चुनाव को निरस्त करने की मांग कर रहे थे। मौके पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सहित एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी फार्म रिजेक्ट होने की खबर
शहर के साथ कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में भी फार्म रिजेक्ट होने की खबरें आ रही हैं। जानकारी के अनुसार कैमोर विजयराघवगढ़ बरही में भी फार्म रिजेक्ट होने से छात्र संगठनों ने हंगामा किया। बहरहाल सांय 5 बजे तक स्थिति साफ हो जाएगी। एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि उसके समर्थित प्रत्याशियों के जानबूझकर फार्म निरस्त किये जा रहे हैं।








