चमत्कार: मेक्सिको विमान हादसे में 101 लोग बाल-बाल बचे
डुरांगो। मेक्सिको के शहर डुरांगो में एक चमत्कार हुआ है, यहां एक भीषण विमान हादसे में इसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए हैं। हादसा कुछ ऐसा था कि पूरा विमान आग का गोला बन गया लेकिन इसमें सवार 101 लोगों में से कुछ को ही मामूली चोटें आईं हैं।
इस विमान हादसे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हुए हैं जिन्हें देखकर लगता है कि शायद ही इस हादसे में कोई बचा हो लेकिन डुरांगों स्टेट गवर्नर जोस राओस एस्पुरो ने दावा किया है कि इस हादसे में एक भी शख्स की मौत नहीं हुई है।
शहर के सिविल डिफेंस एजेंसी के इजराइस सलानो मेजिया ने बताया कि विमान में 4 क्रू मेंबर्स के साथ 97 लोग सवार थे। इस विमान ने गुआडेलोप विक्टोरिया एयरपोर्ट से उड़ान भरी लेकिन रनवे के कुछ ही दूर जाकर क्रैश हो गया। विमान अपनी नाक के बल जमीन से टकराया था और घायलों में सबसे ज्यादा चोटें पायलट को आई हैं। वहीं फ्लाइट में सवार 97 में से 37 लोगों को मामूली चोट आई है।