घर पर ही मुन्ना जायसवाल ने खोल रखी अवैध शराब दुकान
जबलपुर : बाई का बगीचा रहवासी इलाके में मुन्ना जायसवाल ने अपने घर पर ही अवैध शराब दुकान खोल रखी थी। आबकारी विभाग के दल ने जब घर पर छापा मारा तो घर की अलमारी में विदेशी व महंगी शराब का बड़ी मात्रा में स्टॉक मिला। शहर के बीच इस तरह की पहली कार्रवाई है, जिसमें कीमती शराब जब्त की गई है। हालांकि मिलावट होने की आशंका भी व्यक्त की गई है। जिसको ध्यान में रखकर विभाग ने शराब की बोतलों से सैंपल लिए हैं। आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है।
इतनी बोतलें शराब की मिली
रहवासी इलाके में पिछले कई साल से अवैध तरीके से शराब बेचने वाले मुन्ना जायसवाल के घर में अलमारी से 171 बोतल यानी लगभग 14.3 पेटी शराब जब्त की गई। सभी विदेशी शराब की बोतल ब्रांडेड ही थी। एक बोतल की कीमत लगभग 1500 से 2 हजार रुपए बताई जा रही है। मौके पर ही आरोपी मुन्ना के खिलाफ पंचनामा तैयार कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
मिलावट की आशंक
मिलावट को लेकर भी आबकारी अधिकारी छानबीन कर रहे हैं। शराब की बोतलों से छेड़छाड़ होने के सबूत भी नजर आए। इसलिए मिलावट से इंकार नहीं किया जा सकता। सहायक जिला आबकारी अधिकारी पीके जैन ने बताया कि शराब की कई बोतलों से सैंपल लिए गए हैं। जांच के बाद पुष्टि होगी कि मिलावट हुई है या नहीं। यदि मिलावट होना पाया गया तब दूसरी धाराओं को भी प्रकरण में जोड़ दिया जाएगा। फिलहाल आरोपी के खिलाफ अवैध शराब भंडारण के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी के घर से ब्रांडेड शराब का स्टॉक जब्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया। मिलावट की जांच भी की जा रही है।

