जबलपुर में कांग्रेस नेता गज्जू सोनकर के घर मिले घातक हथियार व कारतूस का जखीरा

जबलपुर। तीन जिलों के जुआरियों का जमघट लगवाने वाले हनुमानताल थाना क्षेत्र निवासी कांग्रेस नेता गज्जू सोनकर के घर हथियारों का जखीरा मिला है जिसमें वे आग्नेय शस्त्र व कारतूस शामिल हैं जिनका उपयोग पुलिस व सेना सुरक्षा से जुड़े अन्य विभाग करते हैं। खुले बाजार में इन शस्त्रों, मैग्जीन व कारतूस की बिक्री प्रतिबंधित है। शुक्रवार देर रात पुलिस के करीब 100 जवानों ने योजनाबद्ध तरीके से गज्जू के भानतलैया स्थित मकान को चारों ओर से घेर लिया और ताबड़तोड़ अंदाज में कार्रवाई करते हुए न सिर्फ तीन जिलों जबलपुर, नरसिंहपुर, उमरिया के 41 जुआरियों को दबोचा बल्कि 7 लाख 40 हजार 250 रुपये नकद व दो देसी कार्बाइन सहित 18 हथियार, 19 मैग्जीन, विभिन्न बोर के 1478 राउंड कारतूस, फरसा, बका, खडग समेत वन्य जीव की सींग के टुकड़े जब्त किए। राजनीतिक रसूख के दम पर कांग्रेस नेता लंबे समय से अपने आलीशान मकान में जुआ फड़ चलवा रहा था। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर शुक्रवार रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में जुआ रेड किया था। पुलिस अधीक्षक बहुगुणा ने पत्रकारवार्ता में बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि भानतलैया निवासी राजकुमार उर्फ बाबूनाटी सोनकर, गज्जू उर्फ गजेंद्र सोनकर एवं सोनू उर्फ महेंद्र सोनकर द्वारा संयुक्त रूप से जुआ फड़ चलाया जा रहा है। जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई। मकान के ऊपरी हिस्से में जुआरियों की महफिल सजी थी। पुलिस टीमों को देखकर उनमें भगदड़ मच गई, कुछ जुआरी मौका पाकर भाग गए, राजकुमार उर्फ बाबू नाटी भी गिरफ्त में नहीं आया। जुआरियों को बस से थाने तक ले जाया गया।
मैनेजर भागा, घर से लोडेड पिस्टल जब्त:
बताया जाता है कि बड़ी खेरमाई मंदिर के सामने निवासी रजनीश वर्मा फड़बाजों के मैनेजर के तौर पर काम करता था। जुआ का पूरा हिसाब वही रखता था। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही रजनीश भाग गया। पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी तो वह नहीं मिला। तलाशी के दौरान घर के बाहरी कमरे में लोडेड देशी पिस्टल मिली। इधर फ.डबाजों ने घर में लोहे की पेटी में कारतूस व मैगजीन आदि छिपाकर रखी थी।
रिमांड में पूछताछ शुरू:
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि दबिश के दौरान गज्जू सोनकर, सोनू सोनकर को जुआ फड़ चलाने, आर्म्स एक्ट व 39, 51 वन्य संरक्षण अधिनियम में गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट से रिमांड लेकर आरोपितों से पूछताछ की जा रही है कि हथियार, मैग्जीन व कारतूस उन्हें कहां मिले। पूछताछ के बाद फड़बाजों पर एनएसए की कार्रवाई की जाएगी।
आय के स्रोत व भवन पर नजर:
पुलिस अधीक्षक ने संकेत दिए हैं कि फड़बाज शातिर बदमाशों को आय का स्रोत बताना होगा। इस कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों की मदद ली जाएगी। दरअसल, वर्षों से जुआ खिलवा रहे फड़बाजों की करोड़ों की चल अचल संपत्ति का पता चला है। फड़बाज डेढ़ से दो करोड़ के लग्जरी वाहन, करोड़ों के मकान के मालिक हैं। मकान के अतिक्रमित हिस्से को ढहाया जाएगा।
50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे:
लंबे समय से मिल रही शिकायतों के चलते पुलिस अधीक्षक ने एएसपी अमित कुमार (आइपीएस) को जुआ रेड करने की जिम्मेदारी सौंपी। शुक्रवार रात उन्होंने सीएसपी ओमती आरडी भारद्वाज, टीआइ गोहलपुर रविंद्र गौतम, टीआइ सिविल लाइन धीरज राज, टीआइ ओमती एसपीएस बघेल, रक्षित निरीक्षक सौरभ तिवारी समेत विश्वसनीय अधिकारियों व 100 से ज्यादा जवानों की टीम गठित की और ताबड़तोड़ अंदाज में जुआ फड़ पर दबिश दे दी। पुलिस से बचने के लिए जुआरियों द्वारा 500 मीटर पहले से ही लगाए गए सीसीटीवी कैमरे व मुखबिर काम नहीं आए। कार्रवाई के दौरान गोहलपुर सीएसपी अखिलेश गौर समेत हनुमानताल व अन्य थानों की टीम को बुलाया गया।
17 हथियार मिले:
देशी 9 एमएम कार्बाइन-2 नग, 12 बोर डबल बैरल-2 नग, सपोर्टिंग राइफल- 2 नग
32 बोर पिस्टल-2 नग, एयरगन-5 नग, 4.5 एमएम रिवाल्वर-1 नग, देसी रिवाल्वर-2 नग, देशी पिस्टल-1 नग।
कारतूस के 1478 राउंड मिले-
12 बोर-589 राउंड, 20 सेंटर फायर राइफल राउंड-80 राउंड, 9 एमएम-80 राउंड एवं 7 खाली खोखे, 32 बोर-560 राउंड, .22 एमएम-120 राउंड, 30.6 एमएम-12 राउंड, 8 एमएम-1 राउंड, 7 एमएम-4 राउंड, अन्य कारतूस-6 राउंड, लाल रंग का कारतूस पीतल बेस सहित-1 राउंड।
19 नग मैग्जीन मिली:
32 बोर-8 नग, 315 बोर- 1 नग, 9 एमएम कार्बाइन-3 नग, शार्टगन-2 नग, 9 एमएम स्पेशल-2 नग, एयर गन-2 नग, 30.6 एमएम-1 नग।
धारदार हथियार मिले:
खडग-1 नग, बका-1 नग, फरसा-2 नग, छोटी कुल्हाड़ी-1 नग, जंगली जानवर के सींग-2 नग।
तीन जिलों के जुआरियों का था जमावड़ा:
जुआ फड़ पर जबलपुर समेत नरसिंहपुर व उमरिया जिले के जुआरी भाग्य आजमाने पहुंचे थे। जो जुआरी पकड़ में आए उनमें राजेश कोेष्ठा हरदौल मंदिर के पास गढ़ा, शुभम पटैल कोदसा मिरेगांव करेली नरसिंहपुर, अनिल कुमार रजक सर्वेंट क्वार्टर पिसनहारी की मढ़िया के सामने गढ़ा, अनिल उर्फ अमित गुप्ता 207 केशरी नगर मानेगांव रांझी, संतोष सोनकर बड़ी ओमती भरतीपुर, रामचंद धौतरा मझौली, छोटू पटेल किसानी मोहल्ला गोटेगांव नरसिंहपुर, महेश कमार धर्मशाला के पास पनागर, आकाश कोरी आइटीआइ चुंगी नाका माढ़ोताल, प्रदीप पटेल कोलसा करेली नरसिंहपुर, हरिहर सोनी दीक्षित कॉलोनी माढ़ोताल, राकेश कमार राजभर बिहारी मोहल्ला वीएफजे रांझी, कलेमश कुमार साहू कल्ला बाजार पनागर, सचिन चक्रवर्ती कम्हार मोहल्ला भानतलैया हनुमानताल, सुशील रैकवार भानतलैया प्रेमसागर हनुमानताल, शेख शेरा मुमताज बिल्डिंग बेलबाग, रामकिशन पटेल पुरवा मेडिकल गढ़ा, देवेन्द्र कमार उर्फ गुड्डा चटुबा दरहाई कोतवाली, राजन प्रजापति निवासी रामपुर पटेल मोहल्ला गोरखपुर, दिनेश कमार रोहरा गुरूनानक वार्ड पनागर, विनोद कमार चक्रवर्ती उर्फ पंडा 32 वर्ष मढई मस्जिद के पीछे थान वीएफजे रांझी, अतुल दयाल 21 वर्ष सरकारी कुंआ मरघटाई रोड घमापुर, विनीत कमार मिश्रा डुंगरिया (राजाराम) थाना बरगी, मोहन मतानी शैल्बी अस्पताल के पास विजयनगर, राजेश कुमार सतवानी लालमाटी कांचघर घमापुर, अनुज क्षत्री धनवंतरी नगर संजीवनी नगर, मनोज कमार बर्मन गौरैया घाट बरेला, अभिषेक मेहरा गोटेगांव नरसिंहपुर, चंद्रभान यादव ऋषि नगर अधारताल, सचिन कमार साकेत नगर सेंट जोसेफ स्कूल के पास रांझी, भानू सतनामी इंदिरानगर बिलपुरा रोड रांझी, केदार सिंह पटेल बेलखेड़ी गोटेगांव नरसिंहपुर, केशव प्रसाद कुशवाहा चंदिया जिला उमरिया, रामनारायण सिंह बजरंग नगर रांझी, मुकेश गुप्ता चंदिया जिला उमरिया, आकाश बेन मढई माता मंदिर सिंधी कैंप हनुमानताल, मनोज धनवानी लालमाटी गोपाल होटल घमापुर, गनपत कोल वीएफजे मढई रांझी, सोनू उर्फ महेंद्र सोनकर विद्यापीठ स्कूल के पीछे भानतलैया हनुमानताल, अनिल कमार गुप्ता न्यू कांचघर अधारताल व सरकारी कुंआ प्रेमसागर हनुमानताल निवासी बबली बहेलिया शामिल हैं।








