खिरहनी फाटक में कल तक पूरी हो सकती है कल्वर्ट बाक्स शिफ्टिंग

कटनी। खिरहनी फाटक में अंडर पास के लिए कल्वर्ट बाक्स शिफ्टिंग का कार्य कल तक पूरा होने की उम्मीद है। मिली जानकारी के मुताबिक आज ही अप ट्रेक के नीचे कल्वर्ट बाक्सों की शिफ्टिंग हो जाती, लेकिन ऐन वक्त आज मेगा ब्लाक नहीं मिलने के कारण काम अटक गया।
अब अगर कल मेगा ब्लाक मिलता है तो कल कल्वर्ट बाक्सों को अप ट्रेक के नीचे शिफ्ट कर दिया जाएगा। एक दिन पहले रविवार को तीन घंटे का मेगा ब्लाक मिला था जिसके बाद डाउन ट्रेक के नीचे कल्वर्ट बाक्स शिफ्टिंग की गई।
मेगा ब्लाक के चलते कटनी इलाहाबाद रेल मार्ग पर यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ। भरी गर्मी कई यात्री ट्रेनों को कटनी, एनकेजे तथा आउटर में रोका गया था। भले ही इससे रेल यात्रियों को परेशानी हुई लेकिन अंडर पास निर्माण के बाद खिरहनी फाटक के लोगों के लिए यह सौगात से कम नहीं होगा।
माना जा रहा है कि एक पखवाड़े में यहां अंडर पास बन कर तैयार हो जाएगा। कार्य दुत्र गति से चल रहा है। रेल्वे के अधिकारियों के साथ नगर निगम और एमपीईबी के अधिकारी मौके पर मौजूद है । अंडर पास निर्माण से फाटक के इस पार और उस पार के हजारों वासिंदों विशेष तौर पर महिलाओं विकलांगों तथा छात्रों की ब्रिज चढ़कर आने जाने की समस्या से निजात मिलेगी।








