कोरोना संदिग्ध महिला की मौत से बरही में हड़कम्प

कटनी/बरही। कोरोना के लक्षण के बाद भी नीम हकीमों से इलाज कराना महिला को जानलेवा साबित हुआ। जबकि पति जीवन-मृत्यु से संघर्ष कर रहा है। कोरोना संदिग्ध महिला गिरजा गुप्ता (49) की मौत की खबर पहुंचते ही बरही में हड़कम्प मच गया।
प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला के घर को सील किया एवं उनके सम्पर्क में आए लगभग एक दर्जन लोगों के सेम्पल लेकर जांच के लिए भेजे। बस स्टैंड के समीप खितौली रोड बरही निवासी निवासी मनोज गुप्ता की पत्नी गिरजा पिछले कुछ दिनों से सर्दी-बुखार से पीडि़त थी।
परिजनों ने बरही में झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज कराया। जब हालत ज्यादा बिगडऩे लगी तो गुरुवार रात महिला को निजी वाहन से जिला अस्पताल कटनी लेकर आए। महिला को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, उसकी गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों मेडिकल कालेज अस्पताल जबलपुर रेफर कर दिया।
परिजन निजी वाहन से ही महिला को जबलपुर ले गए। मेडिकल पहुंचने पर वहां रात में ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सुबह पहुंची सूचना-बरही बीएमओ डॉ.राजमणि पटेल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल जबलपुर से गिरजा गुप्ता की मौत की सूचना शुक्रवार सुबह मिली।
वहां लक्षणों के आधार पर महिला का कोरोना का सेम्पल लिया है। उसके पति की भी हालत खराब होने से मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया। सेम्पल की रिपोर्ट आने से शव को मेडिकल में ही रखा गया है।
बीएमओ के अनुसार परिजन महिला का 15 दिन से झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज कराते रहे। महिला के बीमार होने की सूचना शासकीय अस्पताल को नहीं दी गई।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल जबलपुर से महिला की मौत की जानकारी मिलने पर उसके परिवार के दस लोगों के सेम्पल लिए गए हैं। बरही में अब 800 सैम्पल जांच में 17 लोग पॉजिटिव आ चुके हैं। गुरुवार को 56 सैम्पल जांच के लिए भेजे गए हैं।








