Sunday, May 17, 2026
Latest:
Sportsखेल

कॉलिन मुनरो के दम न्यूजीलैंड ने भारत को दिया 197 रन का टारगेट

राजकोट। कोलिन मुनरो के शतक (109 नाबाद) से न्यूजीलैंड ने शनिवार को दूसरे टी20 मैच में भारत के खिलाफ मजबूत स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड ने 2 विकेट पर 196 रन बनाए। भारतीय फी‍ल्डरों ने खराब फील्डिंग कर मेहमान बल्लेबाजों को विशाल स्कोर बनाने में मदद की।

इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज ने डेब्यू किया। यह इस दौरे पर पहला मौका है जब न्यूजीलैंड की तरफ से पहले विकेट के लिए अर्द्धशतकीय भागीदारी की गई। अोपनर्स ने तेज शुरुआत दिलाते हुए शतकीय भागीदारी की। इस भागीदारी को चहल ने तोड़ा जब उन्होंने गप्टिल को पांड्‍या के हाथों झिलवाया। उन्होंने 41 गेंदों में 3 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 45 रन बनाए। उन्होंने पहले विकेट के लिए 105 रनों की भागीदारी की। कप्तान केन विलियम्सन 12 रन बनाकर सिराज के पहले शिकार बने। उन्होंने रोहित शर्मा को कैच थमाया।

मुनरो ने भुवी की गेंद पर 2 रन लेते हुए शतक पूरा किया। यह उनका अंतरराष्ट्रीय टी20 में दूसरा शतक है। उन्होंने 54 गेंदों में शतक पूरा किया। वे 58 गेंदों में 7 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 109 और टॉम ब्रूस 18 रन बनाकर नाबाद रहे। भारतीय फील्डरों ने मेहमान बल्लेबाजों को चार जीवनदान दिए।

भारत तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है और उसकी निगाहें इस मैच को जीतकर न्यूजीलैंड के खिलाफ ऐतिहासिक सीरीज जीत दर्ज करने पर रहेगी। भारत ने इस मैच के लिए प्लेइंग इलेवन में एक परिवर्तन कर आशीष नेहरा की जगह मोहम्मद सिराज को शामिल किया। सिराज का यह डेब्यू है। न्यूजीलैंड ने भी मैच के लिए दो परिवर्तन कर टिम साउदी की जगह एडम मिल्ने को और टॉम लाथम की जगह ग्लेन फिलिप्स को शामिल किया।

दिल्ली में हुए पहले मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को खेल के सबसे छोटे प्रारूप में पहली बार मात दी थी। इस मैच से पहले भारत को टी-20 में हर बार हराने वाली मेहमान टीम को पिछले मैच में एक तरफा हार का सामना करना पड़ा था। मेजबानों की फॉर्म को देखते हुए जीत उससे दूर नहीं लग रही है लेकिन कीवी टीम टी-20 की नंबर-1 टीम है और उसमें वापसी करने का पूरा माद्दा है।

टीमें – भारत : शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली (कप्तान), श्रेयस अय्यर, महेंद्रसिंह धोनी, हार्दिक पांड्‍या, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, युजवेंद्र चहल।

न्यूजीलैंड : मार्टिन गप्टिल, केन विलियम्सन (कप्तान), कोलिन मुनरो,टॉम ब्रूस, ग्लेन फिलिप्स, हैनरी निकोल्स, कोलिन डी ग्रैंडहोम, मिचेल सेंटनर, ट्रेंट बोल्ट,एडम मिल्ने, इश सोढ़ी।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply