कैमोर-वाहन की ठोकर से राहगीर की मौत
कटनी। कैमोर थाना अंतर्गत ग्राम अमेहटा में श्रमधाम स्कूल के पास अज्ञात वाहन की ठोकर से एक अज्ञात राहगीर की मौत हो गई। वाहन की ठोकर इतनी जोरदार थी कि राहगीर छिटक कर सड़क किनारे नाली में जा गिरा और मौके पर ही उसके प्राण पखेरू उड़ गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। समाचार लिखे जाने तक न तो राहगीर के संबंध में कोई जानकारी मिली थी और न ही उसे मौत के घाट उतारने वाले वाहन का पता चल सका था। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।

