Saturday, May 23, 2026
Latest:
Latest

केंद्र ने कहा: फसलों के नुकसान को कम करने के लिए किसानों से फल, सब्जियां, खाद्यान्न खरीदें

नई दिल्ली। देश के विभिन्न हिस्सों में कटी हुई फसलों के नुकसान पर चिंता जताते हुए केंद्र ने बुधवार को उद्योग के कंपनियों से बर्बादी कम करने और किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए सब्जियों और फलों को खरीदने के लिए कहा।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, केंद्रीय खाद्य प्रोसेसिंग उद्योग मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उद्योग चैंबर फिक्की के सदस्यों के साथ बैठक में इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन खत्म होने के बाद खाद्य प्रोसेसिंग क्षेत्र की जरूरतों को चिन्हित किया जाए।

बादल ने देश के विभिन्न हिस्सों में कटी हुई फसलों के खराब होने को लेकर चिंता जाहिर किया। बैठक में केंद्रीय मंत्री ने किसानों को लाभ दिलाने के लिए सभी सदस्यों से कटे हुए गेहूं, धान, फलों, सब्जियों और अन्य खराब होने वाले फसलों को खरीदने का अनुरोध किया।

बैठक में फिक्की के महासचिव दिलीप चेनॉय, फिक्की फूड प्रोसेसिंग कमेटी के चेयरमैन और सीईओ-आईटीसी फूड्स डिविजन हेमंत मलिक, अमूल के प्रबंध निदेशक आरएस सोढ़ी, कोका कोला इंडिया के अध्यक्ष टी कृष्णकुमार, कारगिल इंडिया के अध्यक्ष साइमन जेरोवे, केलॉग इंडिया के प्रबंध निदेशक मोहित आनंद, मोंडेलेज इंटरनेशनएल के अध्यक्ष के साथ कई अन्य लोगों में दीपक अय्यर, एमटीआर फूड्स के सीईओ संजय शर्मा और ज़ाइडस वेलनेस के सीईओ तरुण अरोरा शामिल थे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम