कुशीनगर में स्कूल बस की ट्रेन से टक्कर, 13 बच्चों की मौत

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में गुरुवार सुबह एक स्कूल बस के रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन से टकरा जाने से 13 बच्चों की मौके पर मौत हो गई वहीं कई अन्य घायल हैं। बताया जा रहा है कि यह हादसा तब हुआ जब स्कूल बस रेलवे क्रॉसिंग पार कर रही थी।
जानकारी के अनुसार स्कूल बस डिवाइन पब्लिक स्कूल की थी और इसमें 20 बच्चे सवार थे। हादसा विशुनपुरा के दुदही रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ है। हादसे के बाद सभी घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है वहीं रेलवे और पुलिस प्रशासन के सभी आला अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं।
हादसे की सूचना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर दुख जताते हुए 2-2 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा करते हुए सभी घायलों को उचित इलाज मुहैया करवाने के लिए कहा है साथ ही इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।
दूसरी तरफ दुर्घटना को लेकर रेलवे की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि यह हादसा स्कूल बस ड्राइवर की लापरवाही के चलते हुआ जो खुद भी इस दुर्घटना में मारा गया है।








